UP News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. शाहगंज थाना क्षेत्र के एक किराये के मकान में तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई. मृतकों में एक पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इनमें पति-पत्नी भी शामिल थे. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. पुलिस के पहुंचने के बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया और जांच शुरू की गई. बताया जा रहा है कि मृतक तीनों लोग मूकबधिर थे और काफी समय से इसी मकान में रह रहे थे.
कमरे के अंदर मिला खौफनाक मंजर
पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो मकान के अंदर तीनों के शव मिले. शुरुआती जांच में पुरुष के शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे पुलिस को आशंका है कि उसके साथ मारपीट की गई थी. वहीं, दोनों महिलाओं के शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं. घटनास्थल से पुलिस को शराब की बोतलें भी मिली हैं. ऐसे में जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या वारदात से पहले घर में किसी तरह का विवाद हुआ था या फिर घटना के पीछे कोई अन्य कारण छिपा है.
विवाद के बाद हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि यह घटना किसी विवाद या आपसी झगड़े के बाद अंजाम दी गई हो सकती है. हालांकि, अभी तक हत्या की वजह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और मृतकों के संबंधों से लेकर उनके संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है. घटना की गंभीरता को देखते हुए शाहगंज और खुल्दाबाद समेत आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. इसके अलावा फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं.
फोरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम से खुलेगा राज
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी. इन रिपोर्ट्स के आधार पर मौत के कारण और हत्या के तरीके की जानकारी सामने आ सकेगी. सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली रवि गुप्ता ने बताया कि पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों का खुलासा किया जा सकेगा.
ये भी पढ़ें- योगी सरकार ने पेश किया अनुपूरक बजट, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने सदन में रखा 59 हजार करोड़ रुपये का प्रस्ताव