प्रयागराज में दर्दनाक हादसा, कोल्ड स्टोरेज ढहने से 4 मजदूरों की मौत, CM योगी ने किया मुआवजे का ऐलान

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के फाफामऊ क्षेत्र में स्थित चंदापुर आदर्श कोल्ड स्टोरेज में एक भीषण हादसा हुआ है. इस हादसे में अब तक चार मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 12 अन्य घायल हो गए हैं.

Prayagraj Phaphamau Chandapur cold storage collapse 4 people died
Image Source: Social Media

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के फाफामऊ क्षेत्र में स्थित चंदापुर आदर्श कोल्ड स्टोरेज में एक भीषण हादसा हुआ है. इस हादसे में अब तक चार मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 12 अन्य घायल हो गए हैं. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय ने मृतकों और घायलों के परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है, वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और मुआवजे की राशि की घोषणा की है.

मुआवजे की घोषणा और राहत कार्य

जिलाधिकारी मनीष वर्मा ने बताया कि मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये का मुआवजा दिया जाएगा. इसके अलावा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मृतकों के परिवारों के लिए 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. घायलों को भी 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी. मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि घायलों का समुचित इलाज किया जाए और उनके इलाज की पूरी व्यवस्था की जाए.

कोल्ड स्टोरेज की खराब स्थिति और गैस का रिसाव

इस बीच, जांच में यह सामने आया कि आदर्श कोल्ड स्टोरेज काफी पुराना था और उसकी इमारत जर्जर हालत में थी. हादसे के बाद से कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस का रिसाव जारी है, जिससे राहत और बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं. पुलिस और प्रशासन की टीमों के साथ एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई है. कुल मिलाकर, राहत और बचाव कार्य के लिए 21 एंबुलेंस और छह जेसीबी मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है. बिजली का कनेक्शन भी काट दिया गया है ताकि कोई और दुर्घटना न हो.

सपा नेता का संबंध और हिरासत में पूछताछ

इस हादसे को लेकर प्रशासन ने कोल्ड स्टोरेज के मालिक और सपा नेता अंसार अहमद के करीबियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. डीएम मनीष वर्मा ने बताया कि घटना के बाद से पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं. एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी मौके पर पहुंच चुकी हैं.

ये भी पढ़ें: योगी कैबिनेट ने कई बड़े फैसलों पर लगाई मुहर, गेहूं पर बढ़ा MSP; जानें कब शुरू होगी खरीद