Prayagraj News: सोशल मीडिया पर शौहरत की चाहत कई बार ऐसी गलती करा देती है, जो सीधे सलाखों के पीछे पहुंचा देती है. प्रयागराज की एक युवती ने कुछ ऐसा ही किया. उसने 'यदुवंशी शेरनी' के नाम से सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो अपलोड किए और ‘भौकाल’ दिखाने की कोशिश की. लेकिन यह भौकाल ज्यादा दिन टिक नहीं सका. जैसे ही पुलिस हरकत में आई, तो शेरनी की दहाड़ चुप्पी में बदल गई. अब उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हो चुका है.
इंस्टाग्राम रील से शुरू हुई कहानी
यह पूरा मामला प्रयागराज का है, जहां एक युवती ने ‘यदुवंशी शेरनी 70-72’ नाम से इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया. इस अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट किया गया जिसमें वह पिस्टल और तमंचा जैसे हथियारों के साथ पोज दे रही थी. रील में उसने खुद को प्रयागराज का बताते हुए कहा कि उसका ग्रुप 70-72 दिन-रात किसी भी "मैटर" को सॉल्व करने के लिए तैयार है. वीडियो में युवती धमकी भरे लहजे में कुछ लोगों को ‘देख लेने’ की बात भी कहती नजर आई. सोशल मीडिया पर इस वीडियो के वायरल होते ही लोगों ने प्रयागराज पुलिस को टैग कर कार्रवाई की मांग शुरू कर दी.
इंस्टाग्राम से डिलीट की रील
जैसे ही लड़की को भनक लगी कि पुलिस हरकत में आ गई है, उसने फौरन इंस्टाग्राम से सारे वीडियो डिलीट कर दिए और अकाउंट भी निष्क्रिय कर दिया. लेकिन तब तक देर हो चुकी थी. एडिशनल डीसीपी सिटी अभिजीत कुमार के अनुसार, पुलिस ने लड़की के खिलाफ जार्जटाउन थाने में गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार असली थे या नकली. यदि असली थे तो लाइसेंस किसके नाम पर है? और अगर पिस्टल का लाइसेंस किसी घरवाले के पास है, तो फिर तमंचा कहां से आया? पुलिस यह भी जांच करेगी कि वीडियो में दिखाई गई पिस्टल किसने दी और उसका स्रोत क्या है.
साइबर सेल कर रही डिजिटल छानबीन
प्रयागराज पुलिस की साइबर टीम अब यदुवंशी शेरनी की डिजिटल पहचान की जांच में जुट गई है. इंस्टाग्राम आईडी, वीडियो अपलोड की तारीखें, लोकेशन टैग और हथियारों से जुड़ी डिजिटल जानकारी एकत्र की जा रही है. एडिशनल डीसीपी ने साफ किया है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वे रील बना रहे हों या रील में कानून को ही चुनौती दे रहे हों.
ये भी पढ़ें: सब्जी में सिर्फ कम नमक डालना बना मौत की वजह, पति ने प्रेग्नेंट पत्नी को बुरी तरह पीटा, फिर छत से फेंका