Bangladesh President Resign: बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. उनका इस्तीफा संसद के स्पीकर हाफिज उद्दीन अहमद ने स्वीकार कर लिया है. राष्ट्रपति पद खाली होने के बाद अब संविधान के अनुसार नए राष्ट्रपति के चुने जाने तक स्पीकर राष्ट्रपति की जिम्मेदारी संभालेंगे.
संविधान के अनुसार स्पीकर करेंगे काम
बांग्लादेश के संविधान के अनुसार, राष्ट्रपति अपने हस्ताक्षर वाले पत्र के जरिए स्पीकर को इस्तीफा सौंप सकते हैं. संविधान के आर्टिकल 54 में बताया गया है कि अगर राष्ट्रपति का पद खाली हो जाता है या किसी कारण से वह काम करने की स्थिति में नहीं होते हैं, तो स्पीकर नए राष्ट्रपति के चुने जाने तक यह जिम्मेदारी निभाते हैं. वहीं, संविधान के आर्टिकल 123 के अनुसार राष्ट्रपति पद खाली होने के 90 दिनों के अंदर नए राष्ट्रपति का चुनाव होना जरूरी है. राष्ट्रपति का चुनाव संसद के सदस्यों के वोट से किया जाता है.
BNP उम्मीदवार के राष्ट्रपति बनने की संभावना
बांग्लादेश की संसद में सत्ताधारी BNP का बहुमत है. ऐसे में पार्टी के उम्मीदवार के अगले राष्ट्रपति बनने की संभावना ज्यादा बताई जा रही है. पिछले कुछ समय से BNP के नेताओं के बीच नए राष्ट्रपति के नाम को लेकर चर्चा चल रही थी.
राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन के इस्तीफे को लेकर पिछले कई दिनों से राजनीतिक हलकों में अटकलें लगाई जा रही थीं. सूत्रों के अनुसार, वह पद छोड़ने के लिए तैयार थे और उन्होंने इस बारे में वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी भी दी थी.
2023 में बने थे राष्ट्रपति
मोहम्मद शहाबुद्दीन ने 24 अप्रैल 2023 को बांग्लादेश के 22वें राष्ट्रपति के रूप में पद संभाला था. उनका कार्यकाल अप्रैल 2028 तक था, लेकिन उन्होंने कार्यकाल पूरा होने से करीब ढाई साल पहले ही इस्तीफा दे दिया.
राजनीतिक बदलाव के बीच लिया फैसला
जुलाई 2024 में शेख हसीना सरकार के हटने के बाद से ही राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन के पद पर बने रहने को लेकर चर्चा होती रही थी. BNP के सत्ता में आने के बाद यह मुद्दा और ज्यादा चर्चा में आ गया. अब उनके इस्तीफे के बाद बांग्लादेश में राष्ट्रपति पद पर बदलाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है और नए राष्ट्रपति के चुनाव का इंतजार है.
ये भी पढ़ें- Parliament Session: राज्यसभा में पेश हुआ वंदे मातरम् बिल, राष्ट्रीय गीत के अपमान पर 3 साल तक की जेल