Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में इन दिनों मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है. दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में बारिश हो रही है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है. वहीं जम्मू-कश्मीर, गुजरात, हिमाचल प्रदेश और नॉर्थ ईस्ट के कुछ इलाकों में ज्यादा बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं.
मौसम विभाग (IMD) ने 25 जुलाई के लिए कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, देश के 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश होने की संभावना है.
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-NCR में 25 जुलाई को पूरे दिन बादल छाए रह सकते हैं. कुछ जगहों पर हल्की बारिश और बूंदाबांदी होने की संभावना है. दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 26 जुलाई को भी बादल छाए रहेंगे, जबकि 27 जुलाई को सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश हो सकती है.
उत्तर प्रदेश में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई है. पूर्वी यूपी में 26 जुलाई तक कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है. इसके बाद 27 से 30 जुलाई के बीच कई इलाकों में बारिश होने की उम्मीद है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 27 जुलाई तक कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. 28 से 30 जुलाई के दौरान यहां बारिश का दायरा बढ़ सकता है.
बिहार में भी बारिश के आसार
बिहार में 25 से 27 जुलाई के बीच कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, 27 से 29 जुलाई के दौरान कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है.
जम्मू-कश्मीर में बढ़ा बाढ़ का खतरा
जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में लगातार बारिश के कारण नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ गया है. इससे कुछ जगहों पर बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है. मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण कश्मीर में मौसम में धीरे-धीरे सुधार हो सकता है. हालांकि 28 से 31 जुलाई के बीच फिर से बारिश होने की संभावना जताई गई है.
राजस्थान में जारी रहेगा बारिश का दौर
राजस्थान में मॉनसून की वजह से कई जगहों पर बारिश हो रही है. पिछले 24 घंटे में कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में राज्य में मॉनसून सक्रिय रहेगा. अजमेर, कोटा, जोधपुर और उदयपुर संभाग में भारी बारिश की संभावना है. वहीं जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
गुजरात में भारी बारिश, कई जिलों में अलर्ट
गुजरात में लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. राहत और बचाव कार्य जारी है. मौसम विभाग ने भरूच, सूरत, नवसारी, वलसाड, डांग, नर्मदा, वडोदरा, छोटा उदयपुर, पंचमहल और दाहोद के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. वहीं अहमदाबाद, गांधीनगर, साबरकांठा, आनंद और खेड़ा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश की संभावना जताई है. मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है.
ये भी पढ़ें- Parliament Session: राज्यसभा में पेश हुआ वंदे मातरम् बिल, राष्ट्रीय गीत के अपमान पर 3 साल तक की जेल