भारत में लॉन्च हुआ स्नैपड्रैगन 4 जेन 5 प्रोसेसर वाला पहला फोन, 3 दिन चलेगी बैटरी, जानें कीमत और फीचर्स

शाओमी की सब-ब्रांड पोको ने 21 अगस्त को भारत में अपना नया स्मार्टफोन पोको M8x 5G लॉन्च कर दिया है.

Poco M8x 5G First phone with Snapdragon 4 Gen 5 processor launched in India
Image Source: Social Media

Poco M8x 5G: शाओमी की सब-ब्रांड पोको ने 21 अगस्त को भारत में अपना नया स्मार्टफोन पोको M8x 5G लॉन्च कर दिया है. कंपनी के मुताबिक, यह भारत में क्वालकॉम के स्नैपड्रैगन 4 जेन-5 प्रोसेसर के साथ आने वाला पहला फोन है.

मिड-बजट सेगमेंट के इस फोन में 7,900mAh की बड़ी बैटरी दी गई है. कंपनी का दावा है कि सामान्य इस्तेमाल में यह तीन दिन तक चल सकती है. फोन में 6.9 इंच की बड़ी स्क्रीन भी दी गई है.

पोको M8x को दो वेरिएंट में लॉन्च किया गया है. इसकी शुरुआती कीमत 20,999 रुपये है. लॉन्च ऑफर के तहत फोन पर 2,000 रुपये का कैशबैक दिया जाएगा. इसकी बिक्री 27 अगस्त से शुरू होगी.

डिजाइन: लेदर फिनिश और वेट टच फीचर

फोन का फ्रेम और पिछला हिस्सा प्लास्टिक का है. इसके लेदर ग्रीन मॉडल में पीछे फॉक्स लेदर फिनिश दी गई है, जिससे फोन पकड़ने में अच्छा लगता है. ब्लैक और ब्लू मॉडल में मैट फिनिश मिलती है.

फोन के सामने 6.9 इंच की स्क्रीन दी गई है. इसके ऊपर बीच में पंच-होल सेल्फी कैमरा मिलता है. स्क्रीन के चारों तरफ बेजल को कम रखा गया है.

दाईं तरफ पावर बटन के साथ फिंगरप्रिंट सेंसर और वॉल्यूम बटन दिए गए हैं. नीचे टाइप-सी चार्जिंग पोर्ट, स्पीकर और माइक्रोफोन है. वहीं, ऊपर 3.5mm का हेडफोन जैक मिलता है.

फोन में धूल और पानी के हल्के छींटों से बचाव के लिए बेसिक आईपी सुरक्षा दी गई है. इसमें वेट टच फीचर भी है, जिसकी मदद से हाथ या उंगलियां गीली होने पर भी स्क्रीन काम करती है.

पोको M8x 5G के स्पेसिफिकेशन

फोन में 6.9 इंच की एचडी एलसीडी स्क्रीन दी गई है. इसका रिजॉल्यूशन 1600 x 720 पिक्सल है. स्क्रीन 120Hz रिफ्रेश रेट और 240Hz टच सैंपलिंग रेट को सपोर्ट करती है. इसकी अधिकतम ब्राइटनेस 825 निट्स है. स्क्रीन की सुरक्षा के लिए कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 7आई दिया गया है.

प्रोसेसर और सॉफ्टवेयर

पोको M8x में ऑक्टा-कोर क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 4 जेन-5 प्रोसेसर दिया गया है. यह 4 नैनोमीटर तकनीक पर बना है और इसकी अधिकतम क्लॉक स्पीड 2.4 गीगाहर्ट्ज है.

गेमिंग के दौरान फोन को गर्म होने से बचाने के लिए 12,439 वर्ग मिलीमीटर की ग्रेफाइट कूलिंग शीट दी गई है.

फोन एंड्रॉयड 16 पर आधारित शाओमी के हाइपरओएस 3 पर चलता है. कंपनी 4 साल के ऑपरेटिंग सिस्टम अपडेट और 6 साल के सुरक्षा अपडेट देने की बात कह रही है.

इसमें 6GB तक की रैम मिलती है, जिसे वर्चुअल रैम के जरिए 12GB तक बढ़ाया जा सकता है.

कैमरा

फोटोग्राफी के लिए फोन के पीछे डुअल कैमरा सेटअप दिया गया है. इसमें 50 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा है, जो ओआईएस सपोर्ट करता है. इससे फोटो और वीडियो लेते समय हाथ हिलने का असर कम होता है.

इसके साथ एआई लेंस और एलईडी फ्लैश दी गई है. कैमरा 2 गुना इन-सेंसर जूम को सपोर्ट करता है. सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए फोन में 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है.

7900mAh की बड़ी बैटरी

फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 7,900mAh की बैटरी है. यह 45W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है. कंपनी के अनुसार, सामान्य इस्तेमाल में बैटरी तीन दिन तक चल सकती है.

इसमें 22.5W रिवर्स चार्जिंग भी दी गई है. इसकी मदद से दूसरे फोन और दूसरी एक्सेसरीज को भी चार्ज किया जा सकता है.

कनेक्टिविटी के लिए फोन में 5G, वाई-फाई, ब्लूटूथ और 3.5mm हेडफोन जैक जैसे फीचर्स मिलते हैं.

ये भी पढ़ें- सौर मंडल के पास मिला पृथ्वी जैसा ग्रह, सतह पर पानी होने की भी उम्मीद, क्या यहां रह सकता है इंसान?