PM Modi Wear Mithila Paag: बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज समस्तीपुर से अपने चुनाव प्रचार अभियान का शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने मंच पर मिथिला की सांस्कृतिक पहचान ‘पाग’ पहनकर उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया. पीएम मोदी का यह कदम स्थानीय लोगों के बीच भावनात्मक जुड़ाव बढ़ाने वाला साबित हुआ.
पीएम मोदी ने जिस पाग को धारण किया वह क्रीम रंग का था और इस पर पारंपरिक मिथिला चित्रकला की सजावट की गई थी. विशेष रूप से इस पाग पर उकेरी गई मछली की आकृति, जो मिथिला में शुभता और समृद्धि का प्रतीक मानी जाती है, ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया. इस कदम से स्पष्ट हुआ कि प्रधानमंत्री मिथिला की संस्कृति और परंपरागत विरासत का आदर करते हैं.
मिथिला में पाग का सांस्कृतिक महत्व
मिथिला में पाग केवल एक पारंपरिक पहनावा नहीं है, बल्कि यह गौरव, सम्मान और प्रतिष्ठा का प्रतीक माना जाता है. शुभ अवसरों, धार्मिक अनुष्ठानों और महत्वपूर्ण समारोहों में पाग पहनना एक गौरवपूर्ण परंपरा है. चुनावी मंच पर पीएम मोदी द्वारा पाग पहनना सीधे तौर पर यह संदेश देता है कि वे मिथिला की पहचान और स्वाभिमान का सम्मान करते हैं. राजनीतिक दृष्टि से भी यह कदम एनडीए के लिए सकारात्मक माहौल तैयार करने में मददगार साबित हो सकता है.
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में क्या कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने रैली में मैथिली भाषा में लोगों का अभिवादन करते हुए कहा कि मिथिला के हृदयस्थली समस्तीपुर की पवित्र धरती के लोगों के प्रणाम कराई छी. उन्होंने चुनावी माहौल का जिक्र करते हुए कहा कि पूरा बिहार कह रहा है,
फिर एक बार एनडीए सरकार
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार जंगलराज वालों से मुक्त होगा और एनडीए सरकार के आने से राज्य नई रफ्तार से आगे बढ़ेगा. रैली के दौरान उन्होंने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवार से भी मुलाकात की. प्रधानमंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए नया नारा भी दिया, नई रफ्तार से चलेगा बिहार, फिर से आएगी एनडीए सरकार. इस तरह, प्रधानमंत्री मोदी ने समस्तीपुर से चुनाव प्रचार की शुरुआत करते ही सांस्कृतिक संवेदनशीलता और राजनीतिक संदेश दोनों को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया.
यह भी पढ़ें: 'आपको राष्ट्र सेवा में सक्रिय योगदान देने का अवसर मिला है...', रोजगार मेले पर बोले पीएम मोदी