PM Modi Visits Prambanan Temple: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने तीन दिवसीय इंडोनेशिया दौरे के अंतिम दिन देश के प्रसिद्ध प्रम्बानन मंदिर का भ्रमण किया. इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ मंदिर पहुंचे प्रधानमंत्री ने यहां पूजा-अर्चना की और भारत तथा इंडोनेशिया के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती देने का संदेश दिया. यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ने हेलीकॉप्टर से दिखाई देने वाले मंदिर परिसर की एक तस्वीर भी साझा की और इसकी भव्यता की सराहना की.
प्रधानमंत्री की इस यात्रा का एक महत्वपूर्ण पहलू प्रम्बानन मंदिर के संरक्षण और पुनरुद्धार को लेकर भारत और इंडोनेशिया के बीच हुआ सहयोग समझौता भी रहा. इस पहल के तहत दोनों देश इस ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण के लिए मिलकर काम करेंगे. भारत की 'एक्ट ईस्ट' नीति के तहत सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और साझा ऐतिहासिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में इसे एक अहम कदम माना जा रहा है.