PM Modi & Masoud Pezeshkian Meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक पहुंचे हैं. यहां शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान से मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई है.
मिडिल ईस्ट में फरवरी में शुरू हुए युद्ध के बाद पीएम मोदी और पेजेशकियान की यह पहली आमने-सामने मुलाकात है. हालांकि, अभी यह साफ नहीं हुआ है कि दोनों नेताओं के बीच किन मुद्दों पर बातचीत हुई. माना जा रहा है कि बैठक में पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति और होर्मुज से जुड़े हालात पर भी चर्चा हो सकती है.
भारत में ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर दोनों नेताओं की मुलाकात की जानकारी दी. दूतावास के मुताबिक, पेजेशकियान ने SCO शिखर सम्मेलन और शंघाई प्लस बैठक में हिस्सा लेने के लिए किर्गिस्तान की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की.
ईरान युद्ध नहीं चाहता: पेजेशकियान
किर्गिस्तान पहुंचने से पहले ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने कहा था कि ईरान युद्ध नहीं चाहता. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनके देश पर हमला किया जाता है तो ईरान उसका मजबूती से जवाब देगा.
पेजेशकियान ने क्षेत्र में बढ़ती अस्थिरता को सभी देशों के लिए नुकसानदायक बताया. उन्होंने आर्थिक और सुरक्षा से जुड़े लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए देशों के बीच बेहतर तालमेल की जरूरत पर भी जोर दिया.
Dr. Masoud Pezeshkian, President of the Islamic Republic of Iran, met and held talks with Shri Narendra Modi, Prime Minister of India, during the first leg of his visit to Kyrgyzstan to attend and address the Shanghai Cooperation Organisation (SCO) Summit and the Shanghai Plus… pic.twitter.com/I46TvGG7dP
— Iran in India (@Iran_in_India) August 31, 2026
आर्मेनिया के PM से भी मिले पीएम मोदी
SCO शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी ने आर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पाशिन्यान से भी मुलाकात की. दोनों नेताओं ने भारत और आर्मेनिया के बीच रिश्तों को और मजबूत करने पर बातचीत की.
बैठक में रक्षा, व्यापार और अर्थव्यवस्था, फार्मा, विज्ञान एवं तकनीक, शिक्षा और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई. इसके अलावा पश्चिम एशिया की स्थिति और दूसरे अहम वैश्विक मुद्दों पर भी दोनों नेताओं ने विचार साझा किए. पीएम मोदी ने कहा कि भारत आर्मेनिया के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध है.
पुतिन से भी होगी मुलाकात
किर्गिस्तान दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक भी प्रस्तावित है. इसके अलावा पीएम मोदी किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सादिर जापारोव के निमंत्रण पर छठे 'विश्व नोमैड गेम्स' के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे.
ये भी पढ़ें- हिमाचल से सिक्किम तक खतरे में सैकड़ो झीलें, फटीं तो मच सकती है भयंकर तबाही! सरकार ने शुरू की निगरानी