OpenAI के बाद Anthropic भी भारत में खोलेगा ऑफिस, Anthropic सीईओ ने पीएम मोदी से की मुलाकात

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में दुनिया की अग्रणी कंपनियों में शामिल अमेरिकी स्टार्टअप Anthropic अब भारत में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने जा रहा है. इस दिशा में एक बड़ा संकेत उस वक्त मिला जब कंपनी के सीईओ डारियो अमोदोई ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की.

PM Modi meet with dario amodei talk on tech ecosystem
Image Source: Social Media

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में दुनिया की अग्रणी कंपनियों में शामिल अमेरिकी स्टार्टअप Anthropic अब भारत में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने जा रहा है. इस दिशा में एक बड़ा संकेत उस वक्त मिला जब कंपनी के सीईओ डारियो अमोदोई ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की.

यह कंपनी खासतौर पर AI की सेफ्टी, रिसर्च और नैतिक उपयोग पर काम करती है और अमेरिका के कैलिफोर्निया में स्थित है.

पीएम से मुलाकात पर डारियो ने जताई खुशी

Anthropic के सीईओ ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के बाद X (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने इस बैठक की तस्वीर भी साझा की. डारियो अमोदोई ने बताया कि भारत में उनकी कंपनी का विस्तार अब अगले स्तर पर पहुंचने जा रहा है. उन्होंने यह भी बताया कि Claude Code का इस्तेमाल भारत में जून के बाद से 5% तक बढ़ा है, जो AI की बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाता है.

भारत की प्रशंसा, शिक्षा और कृषि को बताया AI के लिए अहम सेक्टर

डारियो ने अपने पोस्ट में लिखा कि भारत जिन क्षेत्रों—जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि—में AI को अपनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, वह न सिर्फ देश के लिए बल्कि पूरी दुनिया में AI के भविष्य को नई दिशा देने वाला कदम है. उन्होंने यह भी कहा कि भारत की सोच और अपनाने की गति AI इनोवेशन के लिए एक मजबूत नींव रख रही है.

पीएम मोदी का रिएक्शन: भारत में स्वागत है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस मुलाकात पर प्रतिक्रिया दी और डारियो अमोदोई के पोस्ट को रिट्वीट करते हुए लिखा कि, आपसे मिलकर अच्छा लगा. भारत का टेक टैलेंट और इनोवेशन इकोसिस्टम AI के विकास में अहम भूमिका निभा रहा है. हम भारत में Anthropic के विस्तार का स्वागत करते हैं.

बेंगलुरु में खुलेगा Anthropic का ऑफिस

कुछ दिनों पहले ही Anthropic ने आधिकारिक रूप से घोषणा की थी कि वह 2026 की शुरुआत तक भारत में अपना पहला ऑफिस खोलने जा रहा है, और इसके लिए उसने बेंगलुरु को चुना है.बेंगलुरु देश का टेक्नोलॉजी हब माना जाता है और यहां पहले से ही कई वैश्विक टेक कंपनियों की मौजूदगी है. भारत के 100 करोड़ से ज्यादा इंटरनेट उपयोगकर्ताओं को देखते हुए यह कदम कंपनी के लिए रणनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है.

AI की दौड़ में बढ़ रही प्रतिस्पर्धा

AI सेक्टर में फिलहाल कई दिग्गज कंपनियां एक्टिव हैं. OpenAI का ChatGPT, Google का Gemini, Perplexity AI और DeepSeek जैसे प्लेयर्स पहले से भारत में मौजूद हैं और उनका यूजरबेस लगातार बढ़ रहा है.Anthropic की एंट्री से भारत में AI प्रतियोगिता और भी तेज हो सकती है, खासतौर पर AI सेफ्टी और रिसर्च से जुड़े क्षेत्रों में.

यह भी पढ़ें: कंप्यूटर माउस बन रहा जासूस! सुन सकता है आपकी सारी बातें, स्टडी में हुआ चौंकाने वाला खुलासा