PM Modi Seychelles Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन दिवसीय सेशेल्स दौरे पर हैं. रविवार को उन्होंने सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की अहम बैठक की. इस दौरान दोनों नेताओं ने रक्षा, सुरक्षा, व्यापार, डिजिटल तकनीक, स्वास्थ्य और शिक्षा समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की. बैठक के बाद दोनों देशों ने आपसी सहयोग को और मजबूत करने का भरोसा जताया.
हिंद महासागर को लेकर पीएम मोदी का बड़ा संदेश
बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और सेशेल्स के लिए हिंद महासागर सिर्फ समुद्र नहीं, बल्कि साझा विरासत और साझा जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि दोनों देश चाहते हैं कि हिंद महासागर सुरक्षित, शांतिपूर्ण और आर्थिक अवसरों से भरपूर क्षेत्र बने.
पीएम मोदी ने कहा कि भारत का लक्ष्य हिंद महासागर को "अवसरों का महासागर" बनाना है, जहां हर देश बराबरी, सम्मान और विश्वास के साथ आगे बढ़े. उन्होंने कहा कि किसी भी साझेदारी की ताकत देश के आकार से नहीं, बल्कि आपसी भरोसे से तय होती है.
Mon'n partisip dan plizyer diskisyon avek Dokter Patrick Herminie ozordi bomaten State House.
— Narendra Modi (@narendramodi) June 28, 2026
Mon vizit pe pran plas a en moman istorik kan Sesel pe konplet 50 an son lendepandans e nou pe osi selebre 50 an lanniverser relasyon diplomatik ant Lenn ek Sesel.
Nou bann kozri in… pic.twitter.com/iSdoKztBED
रक्षा और सुरक्षा में बढ़ेगा सहयोग
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और सेशेल्स की सुरक्षा एक-दूसरे से जुड़ी हुई है. दोनों देशों ने समुद्री सुरक्षा को और मजबूत बनाने पर सहमति जताई. इसके अलावा समुद्री डकैती, ड्रग तस्करी, अवैध मछली पकड़ने और सीमा पार अपराधों से मिलकर निपटने का फैसला भी किया गया.
राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने भी कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र में भारत और सेशेल्स की साझेदारी दोनों देशों के लिए बेहद अहम है और भविष्य में इसे और मजबूत किया जाएगा.
19 समझौतों पर बनी सहमति
बैठक के दौरान भारत और सेशेल्स के बीच कुल 19 समझौतों और नई पहलों का ऐलान किया गया. इनमें रक्षा, अंतरिक्ष, डिजिटल पेमेंट, स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा और आर्थिक सहयोग जैसे कई क्षेत्र शामिल हैं.
इन समझौतों में प्रत्यर्पण संधि, अंतरिक्ष के शांतिपूर्ण उपयोग, UPI आधारित डिजिटल भुगतान व्यवस्था, EXIM बैंक की लाइन ऑफ क्रेडिट और नए राष्ट्रीय अस्पताल की तैयारी जैसे अहम फैसले शामिल हैं.
सेशेल्स को भारत देगा कई बड़ी सौगात
भारत ने सेशेल्स को एक फास्ट पेट्रोल वेसल उपहार में देने का ऐलान किया है. इसके अलावा 10 यूटिलिटी वाहन और 5 लेजर रेडियल क्लास बोट्स भी उपलब्ध कराई जाएंगी. साथ ही सेशेल्स कोस्ट गार्ड के पीएस ज़ोरोस्टर जहाज की मरम्मत और डोर्नियर विमान के अपग्रेड की जानकारी भी साझा की गई.
इसके अलावा भारत ने सेशेल्स को 6 एंबुलेंस, 500 मीट्रिक टन चावल और 8,500 मीट्रिक टन सीमेंट देने की भी घोषणा की. इसे दोनों देशों की मजबूत दोस्ती का प्रतीक माना जा रहा है.
डिजिटल पेमेंट और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी बड़ा कदम
डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) इंटरनेशनल और सेंट्रल बैंक ऑफ सेशेल्स के बीच समझौता हुआ है. इससे सेशेल्स में UPI आधारित भुगतान व्यवस्था शुरू करने का रास्ता साफ होगा.
स्वास्थ्य क्षेत्र में भी अहम समझौता हुआ है. HLL लाइफकेयर और सेशेल्स के स्वास्थ्य मंत्रालय के बीच जन औषधि योजना के तहत सस्ती भारतीय दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर सहमति बनी है.
50 साल पुराने रिश्तों का जश्न
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब सेशेल्स अपनी आजादी के 50 साल पूरे होने का जश्न मना रहा है. इसी साल भारत और सेशेल्स के राजनयिक संबंधों की भी 50वीं वर्षगांठ है.
इस खास मौके पर दोनों देशों ने एक स्मारक लोगो भी लॉन्च किया, जो भारत और सेशेल्स की लंबे समय से चली आ रही दोस्ती और मजबूत रिश्तों का प्रतीक है. प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भी शामिल होंगे.
ये भी पढ़ें- अपने गिरेबान में झांको... कराची ब्लास्ट के बाद पाकिस्तान ने उगला जहर, तो भारत ने लगाई लताड़