उत्तराखंड में बारिश का कहर, खतरे के के करीब पहुंची नदियां, NH-34 समेत कई रास्ते बंद, चेतावनी जारी

उत्तराखंड में मॉनसून ने अब अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है. राज्य के कई इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश से हालात बिगड़ने लगे हैं. पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बारिश के कारण नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है.

Rain wreaks havoc in Uttarakhand rivers near danger mark NH-34 closed
Image Source: Social Media

Uttarakhand Rain: उत्तराखंड में मॉनसून ने अब अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है. राज्य के कई इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश से हालात बिगड़ने लगे हैं. पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बारिश के कारण नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. ऋषिकेश और देवप्रयाग में अलकनंदा और गंगा नदी का पानी खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है.

मौसम विभाग के अनुसार, 1 अगस्त को उत्तराखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है. देहरादून, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और चंपावत जैसे जिलों में कहीं-कहीं बहुत तेज बारिश हो सकती है. इसके साथ ही पहाड़ी इलाकों में बिजली गिरने और तेज गरज के साथ बारिश होने का भी अलर्ट जारी किया गया है.

कई सड़कें बंद, यातायात पर पड़ा असर

भारी बारिश का असर अब सड़कों पर भी दिखाई दे रहा है. बारिश और भूस्खलन के कारण कई रास्ते बंद हो गए हैं. नेशनल हाईवे-34 समेत कई महत्वपूर्ण मार्गों पर आवाजाही रोक दी गई है. राज्य हाईवे-31 भी बंद है, जबकि कई गांवों को जोड़ने वाली सड़कें भी प्रभावित हुई हैं.

पिछले 24 घंटे में टिहरी और आसपास के इलाकों में जमकर बारिश दर्ज की गई है. कीर्तिनगर क्षेत्र में भी भारी बारिश हुई है, जिसके कारण स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

गंगा और अलकनंदा नदी खतरे के करीब

उत्तराखंड में लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. टिहरी झील का जलस्तर भी बढ़कर 799.53 मीटर तक पहुंच गया है.

देवप्रयाग के रामकुंड में गंगा नदी का पानी खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है. यहां नदी का जलस्तर 458 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि खतरे का निशान 463 मीटर है. वहीं अलकनंदा नदी का जलस्तर भी खतरे के निशान से ज्यादा दूर नहीं है. अलकनंदा का पानी 533 मीटर तक पहुंच गया है, जबकि खतरे का निशान 536 मीटर है.

ऋषिकेश के मायकुंड क्षेत्र में भी गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. यहां नदी खतरे के निशान के बेहद करीब बह रही है.

टिहरी में हालात खराब, नदियां उफान पर

टिहरी जिले के ऊपरी इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है. कई जगह नदी और नाले उफान पर आ गए हैं. लगातार बारिश के कारण लोगों को घरों से बाहर निकलने में परेशानी हो रही है.

जिले से गुजरने वाली भिलंगना नदी, बालगंगा नदी और नैलचामी नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है. ये नदियां तेज बहाव के साथ बह रही हैं और खतरे के निशान के करीब पहुंच गई हैं.

प्रशासन की ओर से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों से मौसम की स्थिति पर नजर रखने और जरूरी सावधानी बरतने को कहा गया है. उत्तराखंड में अभी भी कई इलाकों में तेज बारिश जारी है, जिससे आने वाले समय में मुश्किलें और बढ़ सकती हैं.

ये भी पढ़ें- किश्तवाड़ में बादल फटने से भीषण तबाही, कई गाड़ियां बहीं, घरों में घुसा पानी; हालात पर सरकार की नजर