प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा के झारसुगुड़ा में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य के लिए कई बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात दी. इस दौरान उन्होंने कहा कि ओडिशा अब "डबल इंजन की रफ्तार" से आगे बढ़ रहा है और "विकसित ओडिशा" का संकल्प अब ज़मीन पर साकार होता दिख रहा है. सभा में प्रधानमंत्री ने न सिर्फ बीएसएनएल की स्वदेशी 4जी सेवा की शुरुआत की, बल्कि कई बड़ी योजनाओं का शुभारंभ भी किया.
PM मोदी ने इस मौके पर बीएसएनएल की स्वदेशी 4जी सेवाओं का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में एक अहम उपलब्धि है. उन्होंने बताया कि भारत अब संचार से लेकर सेमीकंडक्टर तक, हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की ओर अग्रसर है.
गरीबों और वंचितों के लिए सशक्त सरकार
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों, दलितों, पिछड़े वर्गों और आदिवासियों की सेवा में समर्पित है. उन्होंने बताया कि देश भर में अब तक 4 करोड़ से अधिक गरीबों को पक्के घर दिए जा चुके हैं. ओडिशा में भी इस दिशा में तीव्र गति से कार्य चल रहा है. इस दौरान अंत्योदय गृह योजना के अंतर्गत 50,000 लाभार्थियों को स्वीकृति आदेश भी सौंपे गए, जिससे विधवाओं, दिव्यांगों और आपदा पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद और पक्के घर मिलेंगे.
ब्रह्मपुर-उधना अमृत भारत ट्रेन से बढ़ेगी कनेक्टिविटी
प्रधानमंत्री ने ब्रह्मपुर-उधना अमृत भारत ट्रेन का जिक्र करते हुए कहा कि इससे गुजरात और ओडिशा के बीच संपर्क बेहतर होगा और प्रवासी उड़िया समुदाय को सीधा लाभ मिलेगा.
औद्योगिक विकास और आत्मनिर्भर भारत का रोडमैप
PM मोदी ने बताया कि पारादीप से झारसुगुड़ा तक एक विशाल औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य भारत को मैन्युफैक्चरिंग और जहाज निर्माण में आत्मनिर्भर बनाना है. इसके लिए सरकार ने ₹70,000 करोड़ के पैकेज को मंजूरी दी है, जिससे देश में लगभग ₹4.5 लाख करोड़ का निवेश आने की संभावना है और लाखों रोजगार के अवसर बनेंगे.
शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट पर जोर
प्रधानमंत्री ने "मेरिट" नामक एक नई योजना की शुरुआत की घोषणा भी की, जिसके तहत तकनीकी शिक्षा से जुड़े संस्थानों को मजबूत किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को अच्छी शिक्षा पाने के लिए बड़े शहरों में जाना नहीं पड़ेगा. सरकार का लक्ष्य देश के हर कोने तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण पहुंचाना है.
कांग्रेस पर तीखा प्रहार
PM मोदी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि 2014 से पहले देश में भ्रष्टाचार और लूटतंत्र का बोलबाला था. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में आज आम आदमी को दोगुनी बचत और दोगुनी कमाई का अवसर मिल रहा है. उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि जहां पहले 2 लाख रुपये की आय पर भी टैक्स देना पड़ता था, अब 12 लाख तक की सालाना आय पर कोई टैक्स नहीं देना होता.
मुख्यमंत्री मोहन माझी ने पीएम को कहा धन्यवाद
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंच से प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी दूरदृष्टि और मार्गदर्शन में राज्य विकास के नए युग में प्रवेश कर चुका है. उन्होंने दुर्गा पूजा के मौके पर की गई इन घोषणाओं को राज्य के लिए एक उपहार बताया.
यह भी पढ़ें: भारत को ड्रोन अटैक से बचाएगा 'अनंत शस्त्र', BELसे हुई 30,000 करोड़ रुपये की डील, जानें ताकत और खासियत