प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को असम के दौरे पर जोरदार राजनीतिक हमला करते हुए कांग्रेस पर भारत विरोधी ताकतों के साथ खड़े होने का आरोप लगाया. जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने घुसपैठ को बढ़ावा दिया और वोट बैंक की राजनीति के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा तक को दांव पर लगा दिया.
पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी की सरकार अब मिशन मोड में इस चुनौती से निपट रही है और असम में अवैध घुसपैठ को पूरी ताकत से रोका जा रहा है. उन्होंने असम की हेमंत बिस्वा सरमा सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि लाखों एकड़ जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराना एक ऐतिहासिक काम है.
कांग्रेस पाकिस्तान के झूठ का हिस्सा बन जाती है
पीएम मोदी ने अपने भाषण में सीधे आरोप लगाते हुए कहा, जब देश पर आतंकी हमले होते थे, तब कांग्रेस सरकारें खामोश रहती थीं. ऑपरेशन सिंदूर के समय जब हमारी सेना पर सवाल उठाए जा रहे थे, कांग्रेस पाकिस्तान के नैरेटिव के साथ खड़ी थी. उन्होंने कहा कि आज की कांग्रेस, भारत की सुरक्षा और संप्रभुता से ज्यादा अपने वोट बैंक की चिंता करती है.
'घरेलू उत्पादों को बढ़ावा दें
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने ‘वोकल फॉर लोकल’ की बात दोहराई और लोगों से आग्रह किया कि वे देश में बने उत्पादों को ही प्राथमिकता दें. जो भी खरीदें, स्वदेशी खरीदें. जो भी गिफ्ट दें, उसमें भारत की मिट्टी की खुशबू होनी चाहिए, उन्होंने कहा कि आज भारत अपने दम पर दुनिया में तेजी से उभरती अर्थव्यवस्था बन चुका है और इसकी जड़ें स्वदेशी सोच में हैं.
भूपेन हजारिका का अपमान कांग्रेस की मानसिकता दिखाता है: मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि असम के महान कलाकार भूपेन हजारिका को जब भारत रत्न दिया गया, तब कांग्रेस नेताओं ने उसका भी मजाक उड़ाया. कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मोदी नाचने-गाने वालों को भारत रत्न दे रहा है. यह टिप्पणी सिर्फ हजारिका जी का नहीं, पूरे असम की कला और संस्कृति का अपमान है.
असम में विकास की रफ्तार तेज: पीएम
प्रधानमंत्री ने दावा किया कि असम आज डबल इंजन की सरकार के चलते विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है. उन्होंने मां कामाख्या का आशीर्वाद लेते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद राज्य में सुरक्षा और विकास दोनों मजबूत हुए हैं. “हालिया पंचायत चुनावों में बीजेपी की बड़ी जीत ने बता दिया है कि जनता किसके साथ है. भारत आज दुनिया में सबसे तेज़ गति से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और असम इस विकास यात्रा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है.”
18,000 करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं की सौगात
पीएम मोदी जल्द ही राज्य को 18,530 करोड़ रुपये से अधिक की बुनियादी ढांचा और औद्योगिक परियोजनाओं की सौगात देंगे, जिससे न केवल रोजगार बढ़ेगा बल्कि असम को देश की अर्थव्यवस्था में और मजबूती से जोड़ा जाएगा
यह भी पढ़ें: "मैं शिव का भक्त हूं, जहर पी जाना जानता हूं...", असम में बोले PM Modi; 19000 करोड़ रुपये की दी सौगात