प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (17 सितंबर) अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं. अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने कई ऐतिहासिक मुकाम हासिल किए हैं. चाहे वो लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बनना हो या फिर सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री के रूप में काम करना. लेकिन उनके व्यक्तित्व का एक पहलू ऐसा भी है, जो सादगी और ज़मीन से जुड़े होने की मिसाल पेश करता है. इसी से जुड़ा एक किस्सा इन दिनों चर्चा में है, जब मोदी बिना आरक्षण के जनरल डिब्बे में सफर कर अहमदाबाद पहुंचे थे.
यह घटना तब की है, जब नरेंद्र मोदी भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री थे. वे सूरत में एक पार्टी कार्यकर्ता की शादी में शामिल हुए थे. उसी दिन अहमदाबाद में एक महत्वपूर्ण बैठक रखी गई, जिसकी सूचना अचानक मिली. बैठक की अहमियत को देखते हुए मोदी को तुरंत रवाना होना पड़ा.
सीट नहीं मिली, फिर भी नहीं रुके मोदी
गुजरात भाजपा के तत्कालीन नेता और वर्तमान केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने इस वाकये को याद करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट शेयर किया. उन्होंने बताया कि उस समय ट्रेन में मोदी के लिए रिज़र्व सीट की व्यवस्था नहीं हो सकी थी. हमने कच्छ एक्सप्रेस में आरक्षित सीट दिलाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन कोई सीट खाली नहीं थी. तब मोदी जी ने खुद सुझाव दिया कि उनके लिए जनरल टिकट ले लिया जाए," — सीआर पाटिल. पाटिल ने आगे लिखा कि नरेंद्र मोदी ने बिना किसी झिझक के सामान्य श्रेणी के डिब्बे में सफर किया और समय पर अहमदाबाद पहुंचकर बैठक में हिस्सा लिया.
#MYMODISTORY
— C R Paatil (@CRPaatil) September 16, 2025
जब माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi सर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में सेवा दे रहे थे, तब वे सूरत में पार्टी के एक कार्यकर्ता के विवाह समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम समाप्त होने के तुरंत बाद उन्हें अगले दिन अहमदाबाद में होने वाली एक अत्यंत महत्वपूर्ण… pic.twitter.com/ikU4tsn32b
रिकॉर्डों के भी हैं धनी
मोदी के नाम सिर्फ सादगी भरे किस्से ही नहीं, बल्कि कई अभूतपूर्व रिकॉर्ड भी दर्ज हैं. वे 2001 से 2014 तक लगातार 13 साल गुजरात के मुख्यमंत्री रहे, जो राज्य के इतिहास में सबसे लंबा कार्यकाल है. इसके बाद वे 2014, 2019 और 2024 में प्रधानमंत्री बने और अब लगातार तीसरी बार देश का नेतृत्व कर रहे हैं. अब तक 7 बार शपथ ले चुके मोदी—चार बार मुख्यमंत्री के तौर पर और तीन बार प्रधानमंत्री के रूप में.
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी के जन्मदिन पर पवन कल्याण ने खास अंदाज में किया विश, सोशल मीडिया पर VIDEO किया जारी