पीएम मोदी के जन्मदिन पर पवन कल्याण ने खास अंदाज में किया विश, सोशल मीडिया पर VIDEO किया जारी

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन पूरे देश में उत्साह और सम्मान के साथ मनाया जा रहा है. इस विशेष अवसर पर न सिर्फ देश के नेता बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कई प्रमुख हस्तियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं.

Pawan Kalyan wish pm modi on his 75th birthday
Image Source: Social Media

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन पूरे देश में उत्साह और सम्मान के साथ मनाया जा रहा है. इस विशेष अवसर पर न सिर्फ देश के नेता बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कई प्रमुख हस्तियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं. आम जनता से लेकर विशिष्ट लोगों तक, हर ओर से प्रधानमंत्री मोदी को उनके नेतृत्व, दृष्टिकोण और राष्ट्रसेवा के लिए सराहना मिल रही है.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को फोन कर उनके जन्मदिन की बधाई दी. एक सोशल मीडिया पोस्ट में ट्रंप ने लिखा, "अभी-अभी अपने मित्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बहुत अच्छी बातचीत हुई. मैंने उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं! वे बहुत अच्छा काम कर रहे हैं. नरेंद्र: रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध समाप्त करने में आपके समर्थन के लिए धन्यवाद!" ट्रंप के इस व्यक्तिगत और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण संदेश को दोनों देशों के बीच मजबूत होते संबंधों का प्रतीक माना जा रहा है.

पवन कल्याण ने प्रधानमंत्री मोदी को बताया भारत का आध्यात्मिक योद्धा

आंध्र प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री और जनसेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण ने भी एक वीडियो संदेश जारी कर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर सशक्त राष्ट्र के रूप में उभर रहा है. उनका जनता से गहरा जुड़ाव, दूरदर्शी दृष्टिकोण और निर्णायक नेतृत्व देश को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहा है."

पवन कल्याण ने इस बात को भी दोहराया कि संन्यास काल में पीएम मोदी को उनके गुरु द्वारा 'अनिकेत' नाम दिया गया था, जिसका अर्थ होता है 'परमशिव'. उन्होंने कहा कि यह संयोग नहीं है कि प्रधानमंत्री आज 'काशी' जैसे आध्यात्मिक नगर से देश का नेतृत्व कर रहे हैं, जो भारत की अध्यात्म और आधुनिकता के संगम का प्रतीक है.

सुदर्शन पटनायक की अनोखी श्रद्धांजलि

जाने-माने रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने ओडिशा के समुद्र तट पर 750 कमल के फूलों का उपयोग करते हुए प्रधानमंत्री मोदी की एक सुंदर रेत कलाकृति तैयार की. उन्होंने कहा, “भारत तेजी से विकास कर रहा है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वैश्विक मंच पर मजबूती से खड़ा है. यह कला उनके प्रति हमारी श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है.”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताई शुभकामनाएं

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने ट्वीट कर कहा, “अपने असाधारण नेतृत्व और अथक परिश्रम से प्रधानमंत्री मोदी ने देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की भावना को जागृत किया है. आज पूरा विश्व उनके नेतृत्व पर विश्वास कर रहा है. मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि वे सदैव स्वस्थ और प्रसन्न रहें और राष्ट्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाएं.”प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन सिर्फ एक राजनीतिक नेता का सम्मान नहीं, बल्कि भारत के सामर्थ्य, संस्कृति और समर्पण की भावना का उत्सव बन चुका है. देशवासियों के लिए यह दिन प्रेरणा का स्रोत है और उनके नेतृत्व में भारत को आगे बढ़ते देखना गर्व की बात है.

यह भी पढ़ें: छात्रों के लिए पीएम मोदी के वो 7 प्रेरणादायक मंत्र, जो बदल देंगे आपकी जिंदगी