Rule Change From 1 August 2026: आज जुलाई का आखिरी दिन है और इसके साथ ही कई पुराने नियम भी खत्म होने जा रहे हैं. 1 अगस्त 2026 से देशभर में ऐसे कई बड़े बदलाव लागू होंगे, जिनका असर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और जेब दोनों पर पड़ेगा. रसोई गैस की कीमतों से लेकर हवाई यात्रा, रेलवे के तत्काल टिकट, बैंकिंग सेवाएं, क्रेडिट कार्ड, जीएसटी, इनकम टैक्स और KYC प्रक्रिया तक कई महत्वपूर्ण नियम बदलने वाले हैं. ऐसे में इन बदलावों की जानकारी होना बेहद जरूरी है, ताकि किसी तरह की परेशानी या अतिरिक्त खर्च से बचा जा सके. आइए जानते हैं 1 अगस्त से लागू होने वाले उन 10 बड़े बदलावों के बारे में जो सीधे आम जनता को प्रभावित करेंगे.
LPG सिलेंडर की नई कीमतें होंगी जारी
हर महीने की पहली तारीख की तरह इस बार भी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां 1 अगस्त को एलपीजी सिलेंडर के नए दाम जारी करेंगी. घरेलू 14 किलोग्राम और 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव संभव है. पिछले महीने कमर्शियल सिलेंडर सस्ता हुआ था, जबकि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया था. इस बार भी लोगों की नजर नई दरों पर रहेगी क्योंकि इसका सीधा असर घर के बजट पर पड़ता है.
एयर टर्बाइन फ्यूल के नए दाम तय करेंगे हवाई यात्रा का खर्च
एलपीजी के साथ-साथ ऑयल मार्केटिंग कंपनियां एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की नई कीमतें भी जारी करेंगी. यदि एटीएफ महंगा होता है तो एयरलाइंस की परिचालन लागत बढ़ सकती है, जिसका असर हवाई टिकटों की कीमतों पर देखने को मिल सकता है. वहीं कीमतों में कमी आने पर यात्रियों को राहत भी मिल सकती है.
रेलवे के तत्काल टिकट बुकिंग नियम में बदलाव
1 अगस्त से भारतीय रेलवे तत्काल टिकट बुकिंग की प्रक्रिया में बदलाव करने जा रहा है. अब रिजर्वेशन काउंटर पर टोकन जारी करने का समय तत्काल टिकट बुकिंग शुरू होने के समय के साथ ही होगा. इसका उद्देश्य काउंटरों पर लगने वाली लंबी कतारों और भीड़ को कम करना है. नए सिस्टम से यात्रियों को अलग-अलग समय पर टोकन लेने और टिकट बुक कराने की परेशानी से राहत मिलेगी.
बैंकिंग सेवाओं के कुछ शुल्क बदलेंगे
अगस्त की शुरुआत के साथ कुछ बैंक अपनी सेवा शुल्क संरचना में बदलाव करेंगे. उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक ने एसएमएस अलर्ट शुल्क में संशोधन किया है. नई व्यवस्था के तहत निर्धारित मासिक सीमा के साथ प्रति एसएमएस 30 पैसे का शुल्क लिया जाएगा. ऐसे में बैंक ग्राहकों को अपने बैंक की नई शुल्क सूची जरूर देखनी चाहिए.
त्योहारी सीजन से पहले बढ़ सकती हैं कई चीजों की कीमतें
अगस्त महीने में रोजमर्रा के इस्तेमाल की कई वस्तुएं महंगी हो सकती हैं. बाजार विशेषज्ञों के अनुसार चाय, साबुन, हेयर ऑयल जैसे एफएमसीजी उत्पादों की कीमतों में 6 से 8 प्रतिशत तक बढ़ोतरी संभव है. वहीं टीवी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन जैसे इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद 4 से 6 प्रतिशत तक महंगे हो सकते हैं. ऑटोमोबाइल कंपनियां भी बढ़ती लागत का असर ग्राहकों पर डाल सकती हैं और वाहनों की कीमतों में इजाफा कर सकती हैं.
लेट ITR फाइल करने पर देना होगा जुर्माना
इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करने की समयसीमा 31 जुलाई तक थी. यदि कोई करदाता अब 1 अगस्त के बाद बिलेटेड रिटर्न दाखिल करता है तो उसे अपनी आय के आधार पर 1,000 रुपये से लेकर 5,000 रुपये तक का जुर्माना देना पड़ सकता है. इसलिए जिन लोगों ने अभी तक आईटीआर दाखिल नहीं किया है, उन्हें अतिरिक्त शुल्क का सामना करना पड़ सकता है.
क्रेडिट कार्ड से जुड़े नियम भी बदलेंगे
कई बैंक 1 अगस्त से अपने क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड प्रोग्राम, वार्षिक शुल्क और अन्य चार्ज में बदलाव करने जा रहे हैं. इसके अलावा भारतीय रिजर्व बैंक के नए निर्देशों के तहत कार्डधारकों को बिलिंग प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता मिलेगी. अब कंपनियां कंपाउंडेड फाइनेंस चार्ज की गणना में लेट फीस, सुविधा शुल्क और वैधानिक टैक्स जैसी रकम को मूल राशि में शामिल नहीं कर सकेंगी.
CKYC 2.0 से बैंकिंग और होगी आसान
1 अगस्त से CKYC 2.0 का रोलआउट शुरू किया जाएगा. इसके तहत बैंक, बीमा कंपनियां और म्यूचुअल फंड संस्थाएं डिजिटल सत्यापन के बाद केंद्रीय डेटाबेस से ग्राहकों की केवाईसी जानकारी प्राप्त कर सकेंगी. इससे ग्राहकों को बार-बार एक ही दस्तावेज जमा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वित्तीय सेवाएं पहले से अधिक आसान हो जाएंगी.
GST नियमों में भी होंगे अहम बदलाव
व्यापार और कारोबार से जुड़े लोगों के लिए 1 अगस्त से जीएसटी नियमों में भी बदलाव लागू होंगे. ई-इनवॉइस और ई-वे बिल प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाया जा रहा है. अब बिल-टू-शिप-टू लेन-देन में शिप-टू GSTIN देना अनिवार्य होगा. साथ ही कारोबारी जरूरत पड़ने पर ई-वे बिल को स्वेच्छा से बंद भी कर सकेंगे. इससे जीएसटी अनुपालन और अधिक व्यवस्थित होने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें- Namo Bharat: 24 मिनट में पूरा होगा 45 मिनट का सफर, अब दिल्ली से राजस्थान तक दौड़ेगी नमो भारत ट्रेन