PM Kisan Yojana 22nd Instalment: भारत के छोटे और सीमांत किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसी राहत कवच से कम नहीं है. इस योजना के जरिए सरकार हर साल पात्र किसानों को आर्थिक सहयोग देती है, ताकि खेती से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो. इसी बीच अब किसानों की नजरें योजना की 22वीं किस्त पर टिकी हुई हैं, जिसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. हालांकि, राहत के साथ-साथ यह जानना भी जरूरी है कि कुछ जरूरी औपचारिकताएं अधूरी रहने पर यह किस्त अटक भी सकती है.
पीएम किसान योजना के तहत केंद्र सरकार पात्र किसानों को साल में कुल 6,000 रुपये की सहायता देती है. यह राशि तीन बराबर किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती है. अब तक इस योजना की 21 किस्तें जारी हो चुकी हैं और लाखों किसानों को इसका लाभ मिल चुका है.
22वीं किस्त कब आ सकती है?
अब सवाल यही है कि 22वीं किस्त कब जारी होगी. पिछली किस्तों के पैटर्न को देखें तो सरकार आमतौर पर हर चार महीने में एक किस्त ट्रांसफर करती है. इसी आधार पर माना जा रहा है कि अगली किस्त फरवरी महीने में किसानों के खातों में आ सकती है. हालांकि, सरकार की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है, लेकिन पुराने ट्रेंड को देखते हुए फरवरी का समय संभावित माना जा रहा है.
आखिरी समय का इंतजार न करें
विशेषज्ञों का कहना है कि किसान अंतिम तारीख का इंतजार न करें और पहले से ही अपना स्टेटस जांच लें. कई बार देखा गया है कि जैसे ही किस्त जारी होती है, अधूरी जानकारी या तकनीकी कारणों से कई किसानों का नाम लाभार्थी सूची से बाहर हो जाता है.
ये जरूरी काम समय रहते निपटा लें
अगर आप चाहते हैं कि 22वीं किस्त बिना किसी अड़चन के आपके खाते में पहुंचे, तो कुछ जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करना बेहद जरूरी है.सबसे पहले ई-केवाईसी की स्थिति जांचें, क्योंकि बड़ी संख्या में किसानों की किस्त सिर्फ इसी कारण से रुकी रहती है. इसके अलावा भू-सत्यापन (लैंड वेरिफिकेशन) भी कई राज्यों में अनिवार्य कर दिया गया है.
साथ ही यह भी सुनिश्चित कर लें कि आपके आधार कार्ड, बैंक खाते और भूमि रिकॉर्ड में कोई गलती न हो. नाम की स्पेलिंग, खाता नंबर या आधार से जुड़ी छोटी-सी चूक भी किस्त रुकने की वजह बन सकती है. बेहतर होगा कि आधिकारिक पीएम किसान पोर्टल या नजदीकी कृषि कार्यालय जाकर अपनी जानकारी समय रहते अपडेट करवा लें.समय पर ये कदम उठाकर किसान न सिर्फ 22वीं किस्त सुनिश्चित कर सकते हैं, बल्कि आगे आने वाली किस्तों में भी किसी तरह की परेशानी से बच सकते हैं.
यह भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर में मौसम का कहर! बारिश–बर्फबारी से थमा जनजीवन, वैष्णो देवी यात्रा स्थगित