PM Kisan 21st installment: दिवाली के बाद अब देश भर के करोड़ों किसान एक बड़ी खुशखबरी का इंतज़ार कर रहे हैं. हर किसान की निगाहें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM Kisan Samman Nidhi Yojana) की 21वीं किस्त पर टिकी हैं. त्योहार से पहले यह उम्मीद जताई जा रही थी कि सरकार किसानों के खाते में ₹2000 की अगली किस्त ट्रांसफर कर देगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. अब नए अपडेट के मुताबिक, सरकार नवंबर के पहले हफ्ते में किसानों के खातों में यह रकम भेज सकती है.
आखिर कब आएंगे 2000 रुपये?
देश भर के किसानों के मन में इस समय सिर्फ एक ही सवाल घूम रहा है "हमारे खाते में पैसे कब आएंगे?" कई किसानों की 20वीं किस्त तो मिल चुकी है, लेकिन 21वीं किस्त का इंतज़ार अब लंबा होता जा रहा है. बताया जा रहा है कि देरी की मुख्य वजह बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election 2025) है, जिसके चलते आचार संहिता लागू हो चुकी है. हालांकि, सरकार पहले से चल रही योजनाओं की किस्त जारी कर सकती है, इसलिए उम्मीद बनी हुई है कि नवंबर के पहले हफ्ते में किसानों के खाते में यह रकम पहुंच जाएगी.
सूत्रों के मुताबिक, केंद्र सरकार नवंबर के पहले सप्ताह में पीएम किसान योजना की 21वीं किस्त जारी कर सकती है. जिन किसानों ने अपनी e-KYC पूरी कर ली है और जिनका बैंक खाता आधार से लिंक है, उनके खाते में जल्द ही ₹2000 ट्रांसफर हो सकते हैं. सरकार चाहती है कि बिहार चुनाव से पहले किसानों तक यह राहत राशि पहुंच जाए, ताकि चुनावी प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की अड़चन न आए.
कुछ राज्यों को मिल चुकी है राशि
दिलचस्प बात यह है कि पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के किसानों को यह किस्त पहले ही मिल चुकी है. 26 सितंबर 2025 को इन राज्यों के किसानों के खातों में ₹2000 की राशि भेजी गई थी. इसके बाद 7 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर के किसानों को भी किस्त मिल गई. दरअसल, इन इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं से नुकसान हुआ था, इसलिए सरकार ने राहत के तौर पर पहले ही भुगतान कर दिया.
किन किसानों को नहीं मिलेगा फायदा?
अगर आपने अब तक अपनी e-KYC पूरी नहीं की है या आपका बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है, तो आपको इस बार की किस्त नहीं मिलेगी. सरकार ने साफ निर्देश दिया है कि बिना e-KYC किसी भी किसान को राशि जारी नहीं की जाएगी. इसके अलावा, जिन किसानों ने 1 फरवरी 2019 के बाद जमीन खरीदी है, वे अगले पाँच साल तक इस योजना के लाभ से वंचित रहेंगे. केवल विरासत में मिली जमीन वाले किसानों को ही छूट दी गई है.
e-KYC और स्टेटस चेक करने की प्रक्रिया
जिन किसानों ने अभी तक e-KYC नहीं करवाई है, वे इसे घर बैठे पूरा कर सकते हैं. इसके लिए pmkisan.gov.in पर जाकर OTP के माध्यम से e-KYC की जा सकती है. वहीं, बायोमैट्रिक KYC के लिए नज़दीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाना होगा. इसके अलावा, मोबाइल ऐप के ज़रिए फेस ऑथेंटिकेशन का विकल्प भी मौजूद है. अगर आप जानना चाहते हैं कि आपकी किस्त कब आएगी, तो वेबसाइट पर ‘Beneficiary Status’ सेक्शन में जाकर अपना आधार या अकाउंट नंबर डालें और स्टेटस चेक करें.
बेनिफिशियरी लिस्ट में अपना नाम कैसे देखें?
कई किसान यह भी नहीं जानते कि वे इस बार की लिस्ट में हैं या नहीं. इसे जांचने के लिए वेबसाइट पर ‘Kisan Corner’ में जाकर ‘Beneficiary List’ पर क्लिक करें, फिर अपना राज्य, जिला, ब्लॉक और गांव सिलेक्ट करें. अगर आपका नाम दिख रहा है, तो समझिए कि आपकी 21वीं किस्त आने ही वाली है.
आख़िरी तैयारी: e-KYC कराएं और बैंक डिटेल्स जांचें
सरकार की ओर से अभी तक 21वीं किस्त की कोई पक्की तारीख़ नहीं बताई गई है, लेकिन माना जा रहा है कि 1 नवंबर से 5 नवंबर के बीच पैसा ट्रांसफर हो सकता है. ऐसे में जिन किसानों ने अभी तक e-KYC नहीं करवाई है, वे तुरंत यह प्रक्रिया पूरी करें और बैंक विवरण एक बार ज़रूर जांच लें ताकि किसी भी तरह की गलती न हो और पैसा सीधे खाते में पहुंचे.
ये भी पढ़ें: MP: मोहन यादव कैबिनेट के बड़े फैसले; अस्पतालों में 810 पदों पर होगी भर्ती, किसानों को भी दी सौगात