बाल-बाल बची 55 लोगों की जान! सोमालिया में टेकऑफ के 15 मिनट बाद प्लेन क्रैश, वीडियो देख उड़ जाएंगे होश

Somalia Plane Crash: सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में एक यात्री विमान टेकऑफ के कुछ ही देर बाद हादसे का शिकार हो गया. यह घटना एडन अड्डे इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुई.

Plane crashes 15 minutes after takeoff in Somalia aircraft accident viral video
Image Source: Social Media

Somalia Plane Crash: सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में एक यात्री विमान टेकऑफ के कुछ ही देर बाद हादसे का शिकार हो गया. यह घटना एडन अड्डे इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुई. विमान मोगादिशु से गुरिएल शहर जा रहा था और इसमें 50 यात्री व 5 क्रू मेंबर सवार थे. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई और सभी लोग सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए.

टेकऑफ के बाद आई तकनीकी खराबी

उड़ान भरने के करीब 15 मिनट बाद विमान में तकनीकी समस्या आ गई. पायलट ने हालात को संभालते हुए विमान को वापस एयरपोर्ट लाने की कोशिश की, लेकिन पूरी तरह नियंत्रण नहीं रख पाए. इसके बाद विमान एयरपोर्ट के पश्चिमी हिस्से में समुद्र तट के पास गिर गया. हादसे की जगह एयरपोर्ट की दीवार और समुद्र के बेहद करीब बताई जा रही है.

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो

हादसे के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हुए, जिनमें विमान को जमीन पर गिरा हुआ देखा जा सकता है. वीडियो में यात्री खुद विमान से बाहर निकलते नजर आए. मौके पर सुरक्षाकर्मी और स्थानीय लोग भी मौजूद थे. बताया गया कि इस विमान का संचालन स्टार्स्की एयरलाइंस कर रही थी, जो सोमालिया की जानी-मानी एयरलाइंस में शामिल है.

एयरपोर्ट कुछ समय के लिए रहा बंद

सोमाली सिविल एविएशन अथॉरिटी ने बताया कि विमान में सवार सभी 55 लोग सुरक्षित हैं. अधिकारियों के मुताबिक सबसे बड़ी चिंता आग लगने की थी, क्योंकि विमान समुद्र के काफी पास गिरा था. इसी वजह से तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और कुछ समय के लिए एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया. हालात सामान्य होने के बाद उड़ानों का संचालन फिर से शुरू कर दिया गया है. हादसे की जांच जारी है. 

ये भी पढ़ें: बांग्लादेश में आम चुनाव से पहले एक और हिंदू की हत्या, दुकान का शटर बंद करके कट्टरपंथियों ने बनाया निशाना