वेनेजुएला के बाद भूकंप के जोरदार झटकों से हिला फिलीपींस, 6.7 की तीव्रता से कांपी धरती, मची अफरातफरी

Philippines Earthquake: वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप की त्रासदी से दुनिया अभी उबर भी नहीं पाई थी कि फिलीपींस में भी धरती जोरदार झटकों से हिल उठी. शुक्रवार को दक्षिणी फिलीपींस के कई हिस्सों में आए शक्तिशाली भूकंप ने लोगों में दहशत फैला दी.

philippines-earthquake-more then six-magnitude-shakes-southern-region
Image Source: Social Media

Philippines Earthquake: वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप की त्रासदी से दुनिया अभी उबर भी नहीं पाई थी कि फिलीपींस में भी धरती जोरदार झटकों से हिल उठी. शुक्रवार को दक्षिणी फिलीपींस के कई हिस्सों में आए शक्तिशाली भूकंप ने लोगों में दहशत फैला दी. भूकंप के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक फिलहाल सुनामी का कोई खतरा नहीं है, लेकिन प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है.

6.7 तीव्रता का भूकंप, लाखों लोग हुए प्रभावित

यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, दक्षिणी फिलीपींस में आए इस भूकंप की तीव्रता 6.7 मापी गई. इसका केंद्र मिंडानाओ क्षेत्र में जमीन से करीब 41.4 किलोमीटर की गहराई में स्थित था. अनुमान है कि लगभग 64 लाख लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए, जबकि करीब 1.68 लाख लोग ऐसे क्षेत्रों में मौजूद थे जहां इसका सबसे अधिक असर पड़ा.

इन इलाकों में सबसे ज्यादा महसूस हुए झटके

फिलीपीन इंस्टीट्यूट ऑफ वोल्केनोलॉजी एंड सीस्मोलॉजी (PHIVOLCS) के मुताबिक, बलुत द्वीप, सारंगानी और दावाओ ऑक्सिडेंटल के तटीय इलाके में शाम करीब 7:34 बजे तेज भूकंप दर्ज किया गया. इसके अलावा किम्बा, डॉन मार्सेलिनो, सांता मारिया, मटानाओ, डिगोस सिटी, मोनकायो, मावाब और मारागुसन समेत कई इलाकों में भी झटके महसूस किए गए. विशेषज्ञों ने इन क्षेत्रों में नुकसान की आशंका जताई है.

सोशल मीडिया पर सामने आए तबाही के वीडियो

भूकंप के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए, जिनमें लोग घबराकर सड़कों पर निकलते दिखाई दिए. कुछ वीडियो में इमारतों को नुकसान पहुंचने और ढांचों के गिरने के दृश्य भी नजर आए. हालांकि अब तक प्रशासन की ओर से किसी बड़े जान-माल के नुकसान या हताहतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

फिलहाल सुनामी का खतरा नहीं

भूकंप के बाद राहत की बात यह रही कि संबंधित एजेंसियों ने सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की है. इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियां स्थिति पर लगातार निगरानी रख रही हैं और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है.

इसी महीने भी आया था विनाशकारी भूकंप

दक्षिणी फिलीपींस इससे पहले भी इस महीने की शुरुआत में एक बड़े भूकंप का सामना कर चुका है. उस समय 7.8 तीव्रता के भूकंप ने व्यापक तबाही मचाई थी, जिसमें 20 लोगों की जान चली गई थी और 200 से अधिक लोग घायल हुए थे. उस घटना के बाद तटीय क्षेत्रों में सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी और कई इलाकों में बिजली, संचार तथा अन्य आवश्यक सेवाएं प्रभावित हो गई थीं. लगातार आ रहे भूकंपों ने फिलीपींस में आपदा प्रबंधन एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है.

ये भी पढ़ें: वेनेजुएला में भूकंप से हुई तबाही के बीच चमत्कार, मलबे से जिंदा निकली 82 साल की महिला और बच्चा