नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबले हमेशा से ही रोमांचक और भावनात्मक रहे हैं, लेकिन इस बार मैदान पर कुछ ऐसा हुआ जिसने खेल भावना पर सवाल खड़े कर दिए. भारत की जीत के बाद हाथ मिलाने की परंपरा टूट गई और यह मामूली लगने वाली घटना अब बड़े विवाद का रूप ले चुकी है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए अपने एक शीर्ष अधिकारी को निलंबित कर दिया है.
पीसीबी ने इंटरनेशनल डायरेक्टर को किया निलंबित
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट संचालन निदेशक उस्मान वाहला को निलंबित कर दिया है. पीसीबी का आरोप है कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान मैच के बाद हुए 'हैंडशेक विवाद' पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया और ना ही समय रहते औपचारिक प्रतिक्रिया दी. बोर्ड ने यह कदम ऐसे समय पर उठाया है जब यह मामला लगातार मीडिया और सोशल मीडिया पर चर्चा में बना हुआ है.
मैच रेफरी पर पक्षपात के आरोप
पीसीबी ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं. पीसीबी का कहना है कि पायक्रॉफ्ट ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा को भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव से टॉस के समय हाथ मिलाने से मना किया था. PCB ने इसे ICC और MCC के नियमों का उल्लंघन बताते हुए पायक्रॉफ्ट को तत्काल प्रभाव से एशिया कप की रेफरी लिस्ट से हटाने की मांग की है.
मैदान पर खड़ी रही पाक टीम
मैच में पाकिस्तान ने भारत को 128 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे भारत ने आसानी से 7 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया. जीत के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे सीधे ड्रेसिंग रूम की ओर बढ़ गए और पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाए बिना अंदर चले गए. पाकिस्तान की टीम मैदान पर खड़ी इंतजार करती रही, लेकिन भारतीय खिलाड़ी वापस नहीं लौटे. इस व्यवहार को लेकर पाकिस्तानी खेमा काफी असहज नजर आया. यहां तक कि कप्तान सलमान आगा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी हिस्सा नहीं लिया, जिसे क्रिकेट गलियारों में शर्मिंदगी से जोड़कर देखा जा रहा है.
आगे क्या होगा?
अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि PCB इस विवाद को लेकर आगे क्या फैसला करता है. चूंकि दोनों टीमें एशिया कप के सुपर-4 में पहुंचने की प्रबल दावेदार हैं, ऐसे में उनका फिर आमना-सामना हो सकता है. अगर ऐसा हुआ तो यह विवाद और भी गहराने की संभावना है.
ये भी पढ़ें: Asia Cup 2025: यूएई और पाकिस्तान की धुनाई के बाद अब किसकी बारी? जानें किससे होगा भारत का अगला मुकाबला