पीएम आवास में बम की धमकी के बाद मचा हड़कंप, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री को सुरक्षित स्थान पर किया गया शिफ्ट

Australia PM House: ऑस्ट्रेलिया की राजधानी कैनबरा में उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बानीज के सरकारी आवास को बम से उड़ाने की धमकी मिली. यह धमकी एक फोन कॉल के जरिए दी गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं.

panic in Australian PM residence after bomb threat Anthony Albanese was shifted to a safe place
Image Source: Social Media

Australia PM House: ऑस्ट्रेलिया की राजधानी कैनबरा में उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बानीज के सरकारी आवास को बम से उड़ाने की धमकी मिली. यह धमकी एक फोन कॉल के जरिए दी गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं.

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने देर रात प्रधानमंत्री को उनके आधिकारिक आवास से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. पूरे इलाके को घेर लिया गया और जांच एजेंसियां मौके पर पहुंचकर तलाशी और जांच में जुट गईं.

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और जांच

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस को जैसे ही बम की सूचना मिली, तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया. प्रधानमंत्री को सुरक्षित बाहर निकालने के साथ ही पूरे परिसर की सघन जांच की जा रही है.

पुलिस की विशेष टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी कितनी गंभीर थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं. सुरक्षा कारणों से इलाके में अतिरिक्त बल भी तैनात किया गया है.

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

यह पहली बार नहीं है जब प्रधानमंत्री अल्बानीज को इस तरह की धमकी मिली हो. मार्च 2025 में भी उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी. उस मामले में पुलिस ने 36 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था, जिसकी मानसिक स्थिति नशे की वजह से ठीक नहीं बताई गई थी.

इसके अलावा, हाल ही में प्रधानमंत्री आवास के पास एक और घटना हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया था. इन घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है.

कनाडा के प्रधानमंत्री के दौरे से पहले बढ़ी सतर्कता

यह धमकी ऐसे समय पर सामने आई है जब मार्क कार्नी अगले हफ्ते ऑस्ट्रेलिया दौरे पर आने वाले हैं. इस दौरान उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री अल्बानीज से होनी है. दोनों देशों के बीच इस बैठक में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ ऊर्जा सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है. ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की चूक नहीं चाहतीं और पूरे घटनाक्रम को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है.

बढ़ाई गई सुरक्षा, जांच जारी

फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी वास्तविक थी या केवल डर फैलाने की कोशिश. हालांकि, इस घटना के बाद ऑस्ट्रेलिया में प्रधानमंत्री और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा को और कड़ा कर दिया गया है, ताकि भविष्य में किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके.

ये भी पढ़ें- ‘बॉर्डर 2’ का जबरदस्त क्रेज, रिलीज के एक महीने बाद भी रिकॉर्ड तोड़ टिकट बिक्री, बनाया ये रिकॉर्ड