AI समिट में शर्टलेस प्रोटेस्ट पर दिल्ली पुलिस का एक्शन, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु गिरफ्तार

राजधानी दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन मामले में पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है.

AI Summit protest Youth Congress President Uday Bhanu arrested
Image Source: Social Media

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन मामले में पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के मुताबिक, उन्हें पहले पूछताछ के लिए बुलाया गया था और अब गिरफ्तारी के बाद पुलिस उन्हें अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है.

बताया जा रहा है कि सोमवार को दिल्ली पुलिस ने चिब को तिलक मार्ग थाने बुलाकर प्रदर्शन से जुड़े कई पहलुओं पर सवाल किए थे. पुलिस का मानना है कि इस पूरे विरोध कार्यक्रम की जानकारी उनके पास थी या फिर इसकी योजना बनाने में उनकी अहम भूमिका हो सकती है. जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या यह विरोध पहले से सुनियोजित था.

पूछताछ में सहयोग न करने का आरोप

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान उदय भानु चिब ने जांच में पूरी तरह सहयोग नहीं किया. कई सवालों पर उन्होंने स्पष्ट जवाब देने से परहेज किया या फिर बात को घुमाने की कोशिश की. पुलिस का दावा है कि उनके पास ऐसे सबूत मौजूद हैं, जिनके आधार पर यह कार्रवाई की गई है. अब अदालत में पेशी के दौरान पुलिस उनकी भूमिका को लेकर अपना पक्ष रखेगी और रिमांड की मांग भी कर सकती है.

अब तक 8 लोगों की गिरफ्तारी

इस मामले में गिरफ्तारी का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है. चिब की गिरफ्तारी के साथ ही कुल गिरफ्तार लोगों की संख्या आठ हो गई है. इससे पहले सोमवार को तीन अन्य लोगों- जितेंद्र यादव, राजा गुर्जर और विमल अजय कुमार को भी हिरासत में लिया गया था. ये सभी यूथ कांग्रेस से जुड़े पदाधिकारी बताए जा रहे हैं और अलग-अलग जिम्मेदारियों पर कार्यरत थे. चार अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है.

एआई समिट के दौरान हुआ था विरोध

यह पूरा मामला उस समय सामने आया जब भारत मंडपम में एआई इम्पैक्ट एक्सपो के तहत एक अहम कार्यक्रम चल रहा था. दोपहर करीब 12:30 बजे कुछ लोग अचानक हॉल के अंदर विरोध प्रदर्शन करने लगे, जिससे कार्यक्रम में हलचल मच गई.

ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के जरिए ली थी एंट्री

पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने पहले से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था और क्यूआर कोड के माध्यम से कार्यक्रम स्थल में प्रवेश किया था. वे सामान्य कपड़ों में आए थे और ऊपर से स्वेटर या जैकेट पहन रखी थी, जिससे उनकी पहचान तुरंत नहीं हो सकी.

जैसे ही वे एग्जिबिशन हॉल के अंदर पहुंचे, उन्होंने अचानक विरोध शुरू कर दिया. पुलिस के अनुसार, कुछ लोगों ने अपनी टी-शर्ट उतारकर उस पर लिखे राजनीतिक संदेश दिखाए और नारेबाजी की. इन नारों में प्रधानमंत्री के खिलाफ नारे भी शामिल बताए जा रहे हैं.

ये भी पढ़ें- T20 World Cup: सुपर-8 से बाहर हो जाएगी टीम इंडिया? वेस्टइंडीज ने बढ़ा दी भारत की टेंशन, जानें समीकरण