Masood Azhar Latest News: आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर का एक नया ऑडियो क्लिप सामने आया है, जो पाकिस्तान से वायरल हो रहा है. इस ऑडियो में मसूद अजहर अपनी बड़ी बहन की मौत का जिक्र करते हुए भावुक होता हुआ सुनाई देता है और खुले तौर पर रोते हुए दावा करता है कि उसकी बहन को “शहादत” मिली है.
यह ऑडियो ऐसे समय सामने आया है, जब हाल ही में हुए ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के बहावलपुर स्थित जैश-ए-मोहम्मद के मुख्यालय सुभानअल्लाह पर कार्रवाई की गई थी. इस ऑपरेशन में मसूद अजहर के परिवार के कम से कम 10 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई थी. मृतकों में उसकी बड़ी बहन, बहनोई, एक भतीजा और उसकी पत्नी, एक भतीजी सहित संगठन से जुड़े कई आतंकी शामिल बताए गए थे.
शोक के साथ कट्टरपंथी संदेश, महिला शाखा का खुला उल्लेख
वायरल ऑडियो केवल शोक व्यक्त करने तक सीमित नहीं है. मसूद अजहर इस संदेश के जरिए संगठन की महिला शाखा “जमात-उल-मोमिनात” का खुलकर उल्लेख करता है और महिलाओं से जिहाद के समर्थन और आतंकी गतिविधियों में भूमिका निभाने की अपील करता है.
ऑडियो में वह यह संकेत देता है कि महिलाओं को वैचारिक स्तर पर आगे लाया जा रहा है, ताकि घरों के भीतर कट्टरपंथी सोच को सामान्य बनाया जा सके. सुरक्षा विश्लेषकों का मानना है कि यह ऑडियो भावनात्मक अपील की आड़ में भर्ती और वैचारिक उकसावे का प्रयास है, जो इसे और अधिक खतरनाक बनाता है.
“यह सिर्फ दुख नहीं, भर्ती का संदेश है”
ऑडियो में मसूद अजहर यह भी कहता है कि यह केवल व्यक्तिगत नुकसान का बयान नहीं है, बल्कि एक संदेश है. जानकारों के अनुसार, इस तरह के बयानों के जरिए महिलाओं को संगठन की विचारधारा का वाहक बनाने और आने वाली पीढ़ियों को कट्टरपंथ की ओर मोड़ने की रणनीति अपनाई जा रही है.
इससे पहले प्लेन हाईजैक को लेकर भी आया था ऑडियो
यह पहली बार नहीं है जब मसूद अजहर का ऑडियो सामने आया हो. हाल ही में एक अन्य ऑडियो क्लिप वायरल हुआ था, जिसमें वह विमान अपहरण (प्लेन हाईजैक) से जुड़े घटनाक्रम का जिक्र करता हुआ सुना गया था. उस ऑडियो में अजहर दावा करता है कि भारत से रिहाई के समय भारतीय अधिकारियों ने उससे कई सवाल पूछे थे.
उस कथित ऑडियो में मसूद अजहर ने जिहाद को लेकर बेहद भड़काऊ बयान देते हुए कहा था कि उसे बचपन से ही जिहाद की शिक्षा दी गई और यह विचारधारा किसी दबाव से खत्म नहीं की जा सकती.
ऑपरेशन सिंदूर के बाद से अंडरग्राउंड है मसूद अजहर
मई 2025 में भारत द्वारा पाकिस्तान में जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े ठिकानों पर की गई कार्रवाई के बाद से मसूद अजहर सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया है. सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, वह इस समय अंडरग्राउंड है और उसका सटीक ठिकाना अब तक सामने नहीं आ पाया है.
सूत्रों का कहना है कि मसूद अजहर के पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा क्षेत्र में छिपे होने की आशंका है. इसी तरह लश्कर-ए-तैयबा का सरगना हाफिज सईद भी लंबे समय से सार्वजनिक नजरों से दूर बताया जा रहा है.
सुरक्षा एजेंसियों की बढ़ी चिंता
नया ऑडियो सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है. अधिकारियों का मानना है कि भावनात्मक नुकसान को हथियार बनाकर आतंकी संगठनों द्वारा फिर से नेटवर्क मजबूत करने की कोशिश की जा रही है.
ये भी पढ़ें- यूपी में कल आएगी SIR की ड्राफ्ट लिस्ट, अगर नहीं मिले नाम तो करना होगा ये काम, जानें पूरा प्रोसेस