कैनबरा: पाकिस्तान की राष्ट्रीय हॉकी टीम को ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर बेहद शर्मनाक हालात का सामना करना पड़ा. होटल का भुगतान न होने की वजह से खिलाड़ी और टीम अधिकारी कई घंटों तक सड़क पर भटकते रहे. टीम यहां एफआईएच प्रो लीग के दूसरे चरण के मुकाबले खेलने आई थी, लेकिन मैदान पर उतरने से पहले ही अव्यवस्था ने खिलाड़ियों को परेशान कर दिया.
टीम से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, Pakistan Hockey Federation और Pakistan Sports Board के बीच सही तालमेल न होने और पैसों की कमी के कारण यह स्थिति बनी. खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए कैनबरा के एक चार सितारा होटल में कमरे बुक किए गए थे. टीम को बताया गया था कि रहने का पूरा भुगतान पहले ही कर दिया गया है, लेकिन जब खिलाड़ी होटल पहुंचे तो वहां उनके नाम से कोई पुख्ता बुकिंग मौजूद नहीं थी.