भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के चलते पाकिस्तान ने एक बार फिर भारतीय विमानों पर अपने हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल पर प्रतिबंध को आगे बढ़ा दिया है. ताजा जानकारी के अनुसार, यह पाबंदी अब 23 सितंबर तक लागू रहेगी.
गौरतलब है कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम इलाके में हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी. इसके ठीक अगले दिन, 23 अप्रैल को पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद करने का ऐलान किया था. शुरुआत में यह रोक एक महीने के लिए थी, लेकिन हालात सामान्य न होते देख इसे बार-बार आगे बढ़ाया जा रहा है.
नया नोटम जारी, सभी भारतीय विमान प्रतिबंधित
पाकिस्तान सिविल एविएशन अथॉरिटी ने बुधवार को एक नया NOTAM (Notice to Airmen) जारी किया, जिसमें स्पष्ट किया गया कि भारतीय एयरलाइनों के विमानों को पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र से गुजरने की इजाजत नहीं दी जाएगी. इस आदेश में यह भी जोड़ा गया है कि यह रोक भारत के स्वामित्व या लीज पर लिए गए सभी सैन्य और नागरिक विमानों पर समान रूप से लागू होगी.
भारत ने भी लगाया था जवाबी प्रतिबंध
पाकिस्तान की ओर से लगाए गए इस प्रतिबंध के जवाब में भारत ने भी 30 अप्रैल को पाकिस्तानी विमानों के लिए अपनी हवाई सीमा में प्रवेश पर रोक लगा दी थी. बाद में दोनों देशों ने समय-समय पर इस पाबंदी को बढ़ाया. वर्तमान में पाकिस्तान ने 24 अगस्त तक की पाबंदी को और आगे खींचते हुए अब 23 सितंबर तक कर दिया है.
प्रतिबंध से पाकिस्तान को बड़ा आर्थिक नुकसान
हालांकि यह फैसला कूटनीतिक और रणनीतिक स्तर पर लिया गया है, लेकिन इसका आर्थिक असर पाकिस्तान पर भारी पड़ रहा है. इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट में डॉन के हवाले से बताया गया है कि पाकिस्तान के डिफेंस मिनिस्ट्री ने खुलासा किया है कि पिछले दो महीनों में 1240 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हो चुका है.
इसकी प्रमुख वजह ट्रांजिट चार्ज में गिरावट है. सामान्य दिनों में पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र से प्रतिदिन 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय विमान गुजरते थे. अब जब यह ट्रैफिक घटकर लगभग 20 प्रतिशत रह गया है, तो पाकिस्तान की एविएशन आय पर सीधा असर पड़ा है. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मोहम्मद आसिफ ने भी इस बात को स्वीकार किया है. उन्होंने कहा, “हवाई क्षेत्र बंद करने से हमें ट्रांजिट ट्रैफिक और ओवरफ्लाइंग चार्ज से होने वाली आय में बड़ा नुकसान हुआ है.”
यह भी पढ़ें: इंडियन नेवी के रडार पर हैं पाकिस्तान की हंगोर पनडुब्बियां, कहर बरपाएंगे समुद्र में तैनात ये खतरनाक युद्धपोत