अब SCO के मंच पर रोया पाकिस्तान! शहबाज ने सिंधु जल समझौते को लेकर कही ये बात

Pak On Indus Water Treaty: पाकिस्तान ने सिंधु जल समझौते को लेकर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी चिंता जाहिर की है. किर्गिस्तान में चल रही शंघाई सहयोग संगठन यानी SCO की बैठक में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पानी को लेकर भारत पर निशाना साधा.

Pakistan rattled India tough stance Indus Waters Treaty Shehbaz raises water issue at the SCO
Image Source: Social Media

Pak On Indus Water Treaty: पाकिस्तान ने सिंधु जल समझौते को लेकर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी चिंता जाहिर की है. किर्गिस्तान में चल रही शंघाई सहयोग संगठन यानी SCO की बैठक में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पानी को लेकर भारत पर निशाना साधा. शहबाज शरीफ ने कहा कि पानी पूरे क्षेत्र के लिए बेहद जरूरी है और इसका इस्तेमाल किसी देश पर दबाव बनाने या राजनीतिक फायदे के लिए नहीं होना चाहिए.

SCO में पानी को लेकर शहबाज का बयान

SCO की अध्यक्षता संभालने के बाद शहबाज शरीफ ने बिश्केक में राष्ट्राध्यक्षों की बैठक को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि साझा जल संसाधनों से जुड़े समझौतों का सम्मान किया जाना चाहिए. उन्होंने पानी को ‘क्षेत्र की जीवनरेखा’ बताते हुए कहा कि इसे कभी हथियार या दबाव बनाने के साधन के तौर पर इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए. 

शहबाज ने यह भी कहा कि ऐसे समझौते अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्य जिम्मेदारियां हैं और सभी पक्षों को उनका पालन करना चाहिए. हालांकि, अपने बयान में पाकिस्तान में आतंकवाद और उसे समर्थन देने के आरोपों पर शहबाज ने कोई चर्चा नहीं की.

भारत ने हेग कोर्ट का फैसला ठुकराया

शहबाज का यह बयान ऐसे समय आया है जब भारत ने सिंधु जल समझौते को लेकर हेग स्थित मध्यस्थता अदालत के हालिया फैसले को मानने से इनकार कर दिया है. अदालत ने माना था कि सिंधु जल समझौता अभी भी लागू है और इसके तहत भारत की कुछ जिम्मेदारियां बनी हुई हैं. जम्मू-कश्मीर के रातले जलविद्युत परियोजना से जुड़े मामले में भी अदालत ने अपना रुख रखा था.

भारत ने इस फैसले को स्वीकार नहीं किया. भारत का कहना है कि इस मामले में अदालत की प्रक्रिया ही उसके लिए मान्य नहीं है और बाहरी संस्था भारत के संप्रभु फैसलों पर रोक नहीं लगा सकती.

पानी के मुद्दे पर बढ़ी भारत-पाकिस्तान की तकरार

सिंधु जल समझौते को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से मतभेद हैं. भारत के सख्त रुख के बाद पाकिस्तान लगातार इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठा रहा है. SCO में शहबाज शरीफ का बयान भी इसी कोशिश का हिस्सा माना जा रहा है. अब देखना होगा कि सिंधु जल समझौते को लेकर दोनों देशों के बीच आगे यह विवाद किस दिशा में जाता है.

ये भी पढ़ें- तीन थिएटर कमांड, 20 एयर डिफेंस सिस्टम... S-400 और कुश से मजबूत होगी भारत की हवाई सुरक्षा, जानें प्लान