पाकिस्तान का झूठ फिर हुआ बेनकाब! इशाक डार के फर्जी दावे पर भारत ने सुनाई खरी-खरी, जानें क्या कहा

अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत के खिलाफ माहौल बनाने की पाकिस्तान की कोशिश एक बार फिर सामने आई है. मनीला में आयोजित आसियान क्षेत्रीय मंच (ARF) की मंत्रिस्तरीय बैठक के दौरान पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने कश्मीर और सिंधु जल संधि का मुद्दा उठाते हुए भारत पर अप्रत्यक्ष निशाना साधा.

pakistan-india-indus-water-treaty-asean-islamabad-response
Image Source: ANI

नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत के खिलाफ माहौल बनाने की पाकिस्तान की कोशिश एक बार फिर सामने आई है. मनीला में आयोजित आसियान क्षेत्रीय मंच (ARF) की मंत्रिस्तरीय बैठक के दौरान पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने कश्मीर और सिंधु जल संधि का मुद्दा उठाते हुए भारत पर अप्रत्यक्ष निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सिंधु जल संधि से जुड़े विवादों का समाधान बातचीत और अंतरराष्ट्रीय कानून के दायरे में होना चाहिए. पाकिस्तान लंबे समय से इस मुद्दे को वैश्विक मंचों पर उठाकर अंतरराष्ट्रीय समर्थन हासिल करने की कोशिश करता रहा है, लेकिन भारत लगातार यह स्पष्ट करता आया है कि द्विपक्षीय मामलों में किसी तीसरे पक्ष की भूमिका स्वीकार नहीं की जा सकती.

भारत का करारा जवाब

पाकिस्तान के बयान पर भारत ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस्लामाबाद एक बार फिर झूठे आरोपों और भ्रामक दावों के जरिए अपने आतंकवाद को बढ़ावा देने के रिकॉर्ड से दुनिया का ध्यान हटाने की कोशिश कर रहा है.

पाक फिर हुआ बेनकाब

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, 'भारत पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री व विदेश मंत्री की बेबुनियाद और अवांछित टिप्पणियों को पूरी तरह से खारिज करता है.' उन्होंने कहा, 'इसमें कोई हैरानी की बात नहीं है कि पाकिस्तान ने एक बार फिर एक बहुपक्षीय मंच का इस्तेमाल झूठ फैलाने, सरकार-समर्थित गलत जानकारी का प्रचार करने और सीमा-पार आतंकवाद को बढ़ावा देने के अपने जग-जाहिर रिकॉर्ड से ध्यान भटकाने के लिए किया है.'

उन्होंने कहा, 'जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के केंद्र-शासित प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा रहे हैं, हैं और हमेशा रहेंगे. पाकिस्तान को इस पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है.'

जयसवाल ने कहा कि सिंधु जल संधि को लेकर भारत अपने रुख पर कायम है. भारत ने पिछले साल 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकवादी हमले और 26 आम लोगों के मारे जाने के तुरंत सिंधु जल संधि को निलंबित करने सहित कई कड़े कूटनीतिक और आर्थिक कदम उठाए थे. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, 'पाकिस्तान द्वारा सीमा-पार आतंकवाद को लगातार बढ़ावा देने,जिसमें पहलगाम का कायराना हमला भी शामिल है के जवाब में सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया है.'

आतंकवाद खत्म होने के बाद ही पाक को मिलेगा पानी?

जयसवाल ने कहा कि सिंधु जल संधि तब तक स्थगित रहेगी जब तक पाकिस्तान ‘सीमा-पार आतंकवाद को अपना समर्थन विश्वसनीय और पक्के तौर पर छोड़ नहीं देता’. उन्होंने कहा कि भारत ने पाकिस्तान की उस हरकत की भी कड़ी निंदा की है जिसके तहत वह ‘‘आधिकारिक तौर पर प्रायोजित गलत जानकारी’’ फैलाता है, जिसे अक्सर ‘फितना-अल-हिंदुस्तान’ जैसे धार्मिक शब्दों का जामा पहनाया जाता है.

जायसवाल ने कहा, 'यह पाकिस्तानी तंत्र की ओर से अपने आंतरिक संकटों और वैश्विक आतंकवादी नेटवर्क के लिए सुरक्षित पनाहगाह के तौर पर अपनी साबित हो चुकी भूमिका से ध्यान भटकाने की एक बेकार कोशिश है.' उन्होंने कहा, 'अपने पड़ोसियों पर उंगली उठाने और अंतरराष्ट्रीय मंचों का गलत इस्तेमाल करने के बजाय, पाकिस्तान के लिए बेहतर यही होगा कि वह अपनी जमीन पर मौजूद आतंकवाद के ढांचे को खत्म करे और अपने घर को ठीक करे.'

ये भी पढ़ें: हरारे में हर बार क्यों चलता है वैभव सूर्यवंशी का बल्ला? अर्धशतक के बाद खुद बताया राज, देखें Video