BLA ने पाकिस्तान में फिर मचाया कोहराम, बलूचिस्तान में किया बड़ा हमला, 30 से अधिक जवानों की मौत

बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ग्वादर जिले के जिवानी इलाके में पाकिस्तान कोस्ट गार्ड के एक कैंप पर फिदायीन हमला करने का दावा किया है.

Pakistan BLA launches major attack in Balochistan leaving over 30 soldiers dead
प्रतिकात्मक तस्वीर/ Social Media

BLA Attacks Pakistan Army: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक बार फिर हिंसा की बड़ी घटना सामने आई है. बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ग्वादर जिले के जिवानी इलाके में पाकिस्तान कोस्ट गार्ड के एक कैंप पर फिदायीन हमला करने का दावा किया है. संगठन का कहना है कि इस हमले में 30 से ज्यादा पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए और कई अन्य घायल हुए. हालांकि, इस दावे की पाकिस्तान की ओर से स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

ग्वादर के कोस्ट गार्ड कैंप को बनाया निशाना

रिपोर्टों के मुताबिक, यह हमला शुक्रवार शाम को ग्वादर के जिवानी क्षेत्र के पनवान इलाके में स्थित पाकिस्तान कोस्ट गार्ड कैंप पर हुआ. BLA ने दावा किया कि उसके आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरा ट्रक सुरक्षा कैंप के अंदर घुसा दिया, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ. संगठन के अनुसार, इस धमाके से कैंप को भारी नुकसान पहुंचा.

BLA ने मजीद ब्रिगेड का नाम लिया

BLA ने कहा कि इस हमले को उसकी विशेष इकाई मजीद ब्रिगेड ने अंजाम दिया. संगठन के अनुसार, ट्रक बम विस्फोट के बाद उसके लड़ाकों ने कैंप के अंदर मौजूद सुरक्षाकर्मियों पर हमला किया. BLA का दावा है कि इस कार्रवाई में 30 से अधिक सुरक्षाकर्मी मारे गए और कई अन्य घायल हुए.

वीडियो जारी कर किया दावा

हमले के बाद BLA के मीडिया विंग हक्कल ने करीब 43 सेकंड का एक वीडियो भी जारी किया. संगठन का दावा है कि इस वीडियो में विस्फोटकों से भरे ट्रक के कैंप में प्रवेश करने और धमाके के बाद हुए नुकसान को दिखाया गया है. हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.

क्या है BLA?

बलूच लिबरेशन आर्मी एक अलगाववादी संगठन है, जो बलूचिस्तान की आजादी की मांग करता है. संगठन का आरोप है कि बलूचिस्तान के प्राकृतिक संसाधनों का पूरा लाभ स्थानीय लोगों को नहीं मिल रहा और क्षेत्र के विकास पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता.

वहीं, पाकिस्तान सरकार BLA को एक प्रतिबंधित आतंकी संगठन मानती है. पिछले कई वर्षों से BLA और पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों के बीच लगातार संघर्ष होता रहा है, जिसमें कई बड़े हमले सामने आ चुके हैं.