पाक की नापाक हरकत! अफगानिस्तान पर की एयरस्ट्राइक में तीन क्रिकेटर्स की हुई मौत

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर लगातार बढ़ते तनाव ने अब खेल जगत को भी अपनी चपेट में ले लिया है. अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में पाकिस्तानी वायुसेना द्वारा किए गए कथित हवाई हमले में अफगानिस्तान के तीन युवा क्रिकेटरों की मौत हो गई है. इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है.

Pakistan airstrike on afghanistan three cricketers died
Image Source: Social Media

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर लगातार बढ़ते तनाव ने अब खेल जगत को भी अपनी चपेट में ले लिया है. अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में पाकिस्तानी वायुसेना द्वारा किए गए कथित हवाई हमले में अफगानिस्तान के तीन युवा क्रिकेटरों की मौत हो गई है. इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है.

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने इस दुखद हादसे की पुष्टि करते हुए तीनों खिलाड़ियों – कबीर, सिबगातुल्ला और हारून – को श्रद्धांजलि दी है. घटना उरगुन जिले में हुई, जहां ये क्रिकेटर एक फ्रेंडली मैच खेलने के बाद अपने क्षेत्र में लौटे थे. घर वापसी के दौरान वे एक स्थानीय सभा में शामिल थे, उसी वक्त उन पर हमला हुआ.

शोक में डूबा अफगान क्रिकेट समुदाय

ACB ने इस घटना को अफगान क्रिकेट के लिए "अपूरणीय क्षति" बताया है. बोर्ड ने कहा कि ये युवा खिलाड़ी भविष्य की उम्मीद थे और उनका यूं असमय जाना अफगान खेल जगत के लिए एक गहरा आघात है. बोर्ड की ओर से जारी बयान में कहा गया कि अल्लाह (SWT) इन शहीदों को जन्नत में उच्च स्थान दे और उनके परिवारों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे. बोर्ड ने साथ ही हमले में घायल हुए अन्य लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है.

त्रिकोणीय टी20 सीरीज़ से अफगानिस्तान ने नाम लिया वापस

इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के मद्देनज़र अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने नवंबर के अंत में प्रस्तावित त्रिकोणीय T20 सीरीज से हटने का फैसला किया है, जिसमें पाकिस्तान भी हिस्सा लेने वाला था. इस निर्णय को ACB ने “संवेदनशील परिस्थिति में नैतिक और मानवीय दृष्टिकोण से लिया गया फैसला” बताया है.

क्या था हमला और कैसे मारे गए खिलाड़ी?

बताया जा रहा है कि अफगानी क्रिकेटर एक फ्रेंडली मैच खेलने के लिए शराना गए थे और मैच के बाद उरगुन जिले में एक सामाजिक कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे थे. इसी दौरान पाकिस्तानी वायुसेना द्वारा कथित हवाई हमले में वे निशाना बन गए. इस हमले में कुल आठ लोगों की मौत और सात से अधिक घायल हुए हैं.

सीमा पर संघर्ष विराम के बावजूद हमला

यह हमला ऐसे समय हुआ जब दोनों देशों के बीच 48 घंटे का संघर्ष विराम आपसी सहमति से आगे बढ़ाया गया था. लेकिन चंद घंटों के भीतर ही पाकिस्तान की ओर से यह कार्रवाई सामने आई, जिससे हालात फिर तनावपूर्ण हो गए हैं. तालिबान सरकार ने इस हमले की निंदा करते हुए इसे सीमा संधियों का उल्लंघन बताया है.

यह भी पढ़ें: ट्रंप ने फिर दोहराई पुरानी बात, कहा- रूस से तेल नहीं खरीदेगा भारत