जिस अस्पताल के मरीजों से मिले थे अफगानी क्रिकेटर, पाकिस्तान ने उसी पर की एयर स्ट्राइक, 400 लोगों की मौत

अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक बड़े हमले को लेकर सनसनी फैल गई है. तालिबान प्रशासन ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान ने एक ड्रग रिहैबिलिटेशन अस्पताल को निशाना बनाते हुए एयर स्ट्राइक की, जिसमें भारी जनहानि हुई है.

Pakistan air strike on Drug Rehabilitation hospital In Kabul Afghanistan
Image Source: Social Media

काबुल: अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक बड़े हमले को लेकर सनसनी फैल गई है. तालिबान प्रशासन ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान ने एक ड्रग रिहैबिलिटेशन अस्पताल को निशाना बनाते हुए एयर स्ट्राइक की, जिसमें भारी जनहानि हुई है. अफगान अधिकारियों के मुताबिक इस हमले में अब तक करीब 400 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 250 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं.

बताया जा रहा है कि जिस अस्पताल को निशाना बनाए जाने का दावा किया जा रहा है, वहीं कुछ समय पहले अफगानिस्तान के क्रिकेट खिलाड़ी मरीजों से मिलने पहुंचे थे. इस घटना के बाद इस हमले को लेकर भावनात्मक प्रतिक्रिया भी सामने आ रही है.

जिस अस्पताल में पहुंचे थे खिलाड़ी, वही बना निशाना

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अफगानिस्तान के क्रिकेटर गुलबादिन नाइब और हशमतुल्लाह शाहिदी अस्पताल में मरीजों से मिलते और उनसे बातचीत करते नजर आ रहे हैं.

वीडियो में दोनों खिलाड़ी मरीजों का हौसला बढ़ाते हुए दिखाई देते हैं. बताया जा रहा है कि यह वही अस्पताल है, जिसे अब हमले में निशाना बनाए जाने का दावा किया गया है. इस वजह से यह घटना और ज्यादा संवेदनशील बन गई है.

अफगानिस्तान ने लगाया एयर स्ट्राइक का आरोप

अफगानिस्तान के डिप्टी सरकारी प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने इस हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि पाकिस्तान की ओर से काबुल में स्थित एक बड़े नशा मुक्ति अस्पताल पर हवाई हमला किया गया.

उन्होंने बताया कि यह हमला सोमवार रात करीब 9 बजे हुआ. जिस अस्पताल को निशाना बनाए जाने का दावा है, वह “ओमिद अडिक्शन ट्रीटमेंट हॉस्पिटल” है, जिसमें करीब 2000 बेड की सुविधा मौजूद थी और बड़ी संख्या में मरीज इलाज करा रहे थे.

फितरत के अनुसार, इस हमले के बाद अस्पताल के बड़े हिस्से पूरी तरह तबाह हो गए. उन्होंने कहा कि अब तक कम से कम 400 लोगों की मौत की पुष्टि की जा चुकी है, जबकि 250 लोग घायल हैं. कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है.

राहत और बचाव कार्य जारी

हमले के बाद अस्पताल परिसर में आग लग गई और चारों ओर मलबा फैल गया. राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने और मलबे में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास कर रहे हैं.

अधिकारियों का कहना है कि कई लोग अब भी मलबे में दबे हो सकते हैं, जिससे मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है. स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में मदद की और घायलों को आसपास के अस्पतालों तक पहुंचाने की कोशिश की.

पाकिस्तान ने आरोपों को बताया गलत

इस पूरे मामले पर पाकिस्तान ने अपनी स्थिति साफ करते हुए इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. पाकिस्तान की ओर से कहा गया है कि काबुल में किसी भी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया है.

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मुशर्रफ जैदी ने बयान जारी करते हुए कहा कि इस तरह की खबरें भ्रामक हैं और पाकिस्तानी सेना ने किसी नागरिक या अस्पताल को टारगेट नहीं किया.

उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान की कार्रवाई केवल विशेष लक्ष्यों तक सीमित रहती है और नागरिक ठिकानों को नुकसान पहुंचाने का कोई इरादा नहीं होता.

रमजान के आखिरी दिनों में बड़ा झटका

यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब रमजान का पवित्र महीना अपने अंतिम चरण में है और ईद का त्योहार नजदीक है. ऐसे समय में इस तरह की खबर ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है.

स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर गहरा दुख और गुस्सा देखा जा रहा है. अगर अफगानिस्तान के दावे सही साबित होते हैं तो यह हाल के समय की सबसे बड़ी मानवीय त्रासदियों में से एक मानी जाएगी.

ये भी पढ़ें- रोहित-कोहली के साथ मनमुटाव की अफवाहों पर पहली बार बोले गौतम गंभीर, कहा- 'मुझसे भी कई गलतियां...'