India vs Pakistan Match: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अपनी औकात में आ गया है. दरअसल पीसीबी ने भारत के साथ मैच खेलने के बहिष्कार पर यूटर्न मार लिया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के साथ खेलने को राजी हो गया है. पीसीबी ने लाहौर में हुई बैठक के बाद यह फैसला लिया है. हालांकि पीसीबी की ओर से अभी तक इसका आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है. बता दें कि यह हाई वॉल्टेज मुकाबला 15 फरवरी को श्रीलंका के कोलंबो में खेला जाएगा. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी के सामने कई मांगें रखी हैं, जिनमें कुछ स्वीकार कर ली गई हैं.
बांग्लादेश को मिलेगा मुआवजा
बांग्लादेश को पहले टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर कर दिया गया था. लाहौर में हुई बैठक में यह मांग उठाई गई कि अगर बांग्लादेश वर्ल्ड कप में नहीं खेलेगा, तो उसे मुआवजा दिया जाना चाहिए. आईसीसी इस मांग पर राजी हो गया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुआवजे के तौर पर बांग्लादेश को अंडर-19 वर्ल्ड कप या महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप की मेजबानी दी जा सकती है.
पाकिस्तान की आईसीसी से बड़ी मांग
पाकिस्तान ने इस बैठक में आईसीसी के रेवेन्यू में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की मांग भी रखी थी. फिलहाल आईसीसी की कुल कमाई में पाकिस्तान को करीब 5.75 प्रतिशत हिस्सा मिलता है, जो लगभग 34 से 35 मिलियन अमेरिकी डॉलर के बराबर बताया जाता है. आईसीसी ने पाकिस्तान की इस मांग पर विचार करने का भरोसा दिया है, हालांकि अभी इस पर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है.
भारत-पाकिस्तान द्विपक्षीय सीरीज नहीं होगी
भारत और पाकिस्तान के बीच साल 2012 के बाद से कोई भी द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली गई है. पाकिस्तान ने इस तरह की सीरीज दोबारा शुरू करने की मांग रखी थी, लेकिन आईसीसी ने इसे साफ तौर पर नामंजूर कर दिया. आईसीसी का कहना है कि दो देशों के बीच द्विपक्षीय सीरीज कराना उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता. यह फैसला दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड पर निर्भर करता है.
हाइब्रिड मॉडल में होगा भारत-पाक मैच
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हाइब्रिड मॉडल के तहत खेला जाएगा. इसका मतलब है कि यह मैच न्यूट्रल वेन्यू, यानी श्रीलंका में होगा. यह मॉडल पहले चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान अपनाया गया था. उसी समय दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड के बीच सहमति बनी थी कि भारत-पाक मैच न्यूट्रल जगह पर ही खेले जाएंगे.
ये भी पढ़ें: SCO vs ITA: इस ऑलराउंडर ने की गेंदबाजों की जमकर धुनाई, 19 साल पुराने रिकॉर्ड को किया ध्वस्त