जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर पाकिस्तान के पूर्व सैनिक आदिल रजा ने बड़ा दावा किया है. उन्होंने दावा किया है कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के पीछे पाकिस्तान के आर्मी चीफ जनरल आसिम मुनीर का हाथ था. आदिल रजा के मुताबिक पहलगाम में हमले का आदेश आसिम मुनीर ने ही दिया था.
आदिल रजा X पर किया बड़ा दावा
आदिल रजा ने एक बहुत बड़ा दावा करते हुए X पर लिखा, 'पाकिस्तानी खुफिया विभाग के उच्च पदस्थ सूत्रों से अब यह पुष्टि हो गई है कि पहलगाम आतंकवादी हमला जनरल आसिम मुनीर के आदेश पर किया गया था, जबकि पूरा पाकिस्तान इस दुस्साहस से अनभिज्ञ है और उसे इस बारे में कुछ नहीं पता।'
रजा ने एक अन्य ट्वीट में लिखा, 'पहलगाम आतंकी हमला फासीवादी असीम मुनीर और सेना में उसके साथियों द्वारा अपने निजी हितों की पूर्ति के लिए किया गया एक व्यक्तिगत कृत्य था। इसलिए, सैन्य कब्जे वाले पाकिस्तान को किसी एक दुष्ट तत्व की कार्रवाइयों के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।'
पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमला
बता दें कि 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकवादियों ने पर्यटकों पर हमला कर दिया था. इस हमले में 26 मासूम लोगों की जान चली गई. चश्मदीदों ने बताया कि आतंकियों ने पहले पर्यटकों का धर्म पूछा उसके बाद उन्हें गोलियों से छलनी कर दिया. इस दर्दनाक घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है.
ये भी पढ़ें: स्ट्राइक के डर से बंकरों में छिपे पाकिस्तानी सैनिक, LoC से इस्लामाबाद तक बढ़ाई गई सुरक्षा