Friday OTT Release: इस शुक्रवार ओटीटी पर मनोरंजन का भरपूर डोज मिलने वाला है. इतिहास से जुड़ी कहानियों और क्राइम ड्रामा से लेकर कॉमेडी और सुपरनैचुरल थ्रिलर तक, अलग-अलग जॉनर की कई फिल्में और सीरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दस्तक दे चुकी हैं. अगर वीकेंड पर घर बैठे कुछ नया देखने का प्लान है, तो 11 सितंबर को रिलीज हुई इन फिल्मों और सीरीज पर नजर डाल सकते हैं.
घमासान
तिग्मांशु धूलिया के निर्देशन में बनी ‘घमासान’ बुंदेलखंड की ऊबड़-खाबड़ घाटियों में सेट क्राइम ड्रामा है. कहानी एक सख्त पुलिस अफसर और ‘महाराज’ नाम के बेरहम डकैत के बीच चलने वाले खतरनाक चूहे-बिल्ली के खेल पर आधारित है. फिल्म में महाराज का किरदार अरशद वारसी ने निभाया है. यह फिल्म शुक्रवार से जी5 पर स्ट्रीम हो रही है.
द रेवोल्यूशनरीज
भुवन बाम की ‘द रेवोल्यूशनरीज’ एक पीरियड ड्रामा सीरीज है, जिसमें भारत की आजादी की लड़ाई के दौर के युवा क्रांतिकारियों की कहानी दिखाई गई है. सीरीज में उनके गुप्त अभियानों, संघर्षों और बलिदानों को केंद्र में रखा गया है. इन क्रांतिकारियों का मानना था कि अंग्रेजों को देश से बाहर निकालने के लिए प्रतिरोध और हिंसक संघर्ष जरूरी था. इसे शुक्रवार से प्राइम वीडियो पर देखा जा सकता है.
विश्वनाथ एंड संस
सूर्या और ममिता बैजू की ‘विश्वनाथ एंड संस’ रोमांस और पारिवारिक रिश्तों को जोड़ने वाली कहानी है. फिल्म में एक 40 वर्षीय सफल और अमीर बिजनेसमैन की जिंदगी दिखाई गई है, जो अकेले रहकर खुश है और ओलंपिक पिस्टल शूटर भी है. उसकी जिंदगी में बड़ा बदलाव तब आता है, जब वह मैडी नाम की सरोगेट मदर के जरिए पिता बनता है. फिल्म शुक्रवार से नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है.
प्रिंस ऑफ मॉलीवुड
मलयालम कॉमेडी-ड्रामा सीरीज ‘प्रिंस ऑफ मॉलीवुड’ में फिरोज की कहानी दिखाई गई है, जिसका किरदार डेन डेविस ने निभाया है. फिरोज का सपना फिल्म स्टार बनने का है और इसी सपने को पूरा करने के लिए वह अपने परिवार के कारोबार से दूरी बना लेता है. अब उसे मॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने के लिए कई उतार-चढ़ाव से गुजरना होगा. यह सीरीज जियो हॉटस्टार पर रिलीज हो चुकी है.
गो टीम!
‘गो टीम!’ एक स्पैनिश डार्क कॉमेडी फिल्म है, जिसकी कहानी ‘टियो मोचालेस’ नाम की चीज कंपनी के इर्द-गिर्द घूमती है. कभी स्पैनिश चीज इंडस्ट्री में इस कंपनी का दबदबा था, लेकिन अब इसकी हालत कमजोर हो चुकी है और यह संघर्ष कर रही है. फिल्म शुक्रवार से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम की जा रही है.
स्टोलन हर्टबीट्स
सुपरनैचुरल मेडिकल थ्रिलर सीरीज ‘स्टोलन हर्टबीट्स’ की कहानी एनाबेल नाम की महिला पर आधारित है. उस पर बेरहमी से हमला होता है और वह कोमा में चली जाती है. अस्पताल के बिस्तर पर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही एनाबेल की चेतना एक रहस्यमय सुपरनैचुरल स्थिति में पहुंच जाती है. यह सीरीज 11 सितंबर से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है.
ये भी पढ़ें: Haiwaan Movie Review: अक्षय-सैफ की जोड़ी ने मचाया तहलका, प्रियदर्शन की थ्रिलर में हर मोड़ पर नया ट्विस्ट