नई दिल्ली: त्योहारों का सीजन शुरू होते ही ट्रेनों में सफर की तैयारी तेज हो गई है और इसका सीधा असर ऑनलाइन टिकट बुकिंग पर नजर आ रहा है. इंडियन रेलवे की ऑनलाइन टिकट बुकिंग सेवा IRCTC ने एक दिन में 20 लाख से ज्यादा टिकट बुक होने का नया रिकॉर्ड बनाया है. IRCTC के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को कुल 20,06,353 टिकट बुक किए गए. इससे एक दिन पहले भी करीब 19.50 लाख टिकट बुक हुए थे. एडवांस रिजर्वेशन पीरियड (ARP) के तहत बढ़ी मांग को इस रिकॉर्ड की प्रमुख वजह माना जा रहा है.
पिछले रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ा
IRCTC की टिकट बुकिंग में इस बार पिछले साल का रिकॉर्ड भी टूट गया है. पिछले वर्ष एक दिन में सबसे ज्यादा करीब 18.40 लाख टिकट बुक किए गए थे, जबकि इस बार आंकड़ा 20 लाख के पार पहुंच गया. रेलवे के मुताबिक, यात्रियों के बीच ऑनलाइन टिकट बुकिंग की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और अब बड़ी संख्या में लोग काउंटर के बजाय इंटरनेट के जरिए अपना रिजर्वेशन करा रहे हैं.
89 फीसदी रिजर्व टिकट ऑनलाइन
ऑनलाइन टिकट बुकिंग की बढ़ती पहुंच का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब करीब 89 फीसदी रिजर्व टिकट ऑनलाइन बुक हो रहे हैं. वहीं, केवल 11 फीसदी टिकटों की बुकिंग ऑफलाइन माध्यम से की जा रही है. यानी रेलवे यात्रियों की टिकट बुकिंग की आदत तेजी से डिजिटल होती जा रही है और IRCTC प्लेटफॉर्म पर बढ़ता दबाव इसी बदलाव को दिखाता है.
नए सर्वर से बढ़ी बुकिंग क्षमता
IRCTC ने टिकट बुकिंग सिस्टम की क्षमता बढ़ाने के लिए तकनीकी स्तर पर भी कई बदलाव किए हैं. पुराने सर्वर हटाकर नए सर्वर लगाए गए हैं और NGet Refresh के तहत सिस्टम की क्षमता करीब दोगुनी होने का दावा किया गया है. इसके अलावा 15 जुलाई 2026 से नया बीटा इंटरफेस भी शुरू किया गया है, जिसमें स्लीपर, AC 3 टियर और AC 2 टियर जैसी श्रेणियों में सीट की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई देती है. इससे यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग प्रक्रिया पहले के मुकाबले आसान हुई है.
Anti-BOT सिस्टम से फर्जी ट्रैफिक पर रोक
IRCTC ने टिकट बुकिंग में BOT और फर्जी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए Anti-BOT और CDN जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया है. कंपनी के मुताबिक, इससे BOT ट्रैफिक में करीब 55 से 65 फीसदी तक कमी आई है. इसके साथ ही फर्जी वेबसाइट और ऐप के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है. अधिकृत एजेंटों के लिए भी नियम सख्त किए गए हैं और YTSK तथा RTSA एजेंट सुबह 8 बजे से 8:10 बजे तक ARP टिकट बुक नहीं कर सकते.
करोड़ों फर्जी यूजर ID पर कार्रवाई
टिकटों की गलत तरीके से बुकिंग रोकने के लिए IRCTC ने संदिग्ध यूजर ID के खिलाफ भी बड़े स्तर पर कार्रवाई की है. IRCTC के मुताबिक, अब तक 3.04 करोड़ यूजर ID बंद की जा चुकी हैं, जबकि 6.33 करोड़ ID को री-वैलिडेशन के लिए भेजा गया है. इसके अलावा 16,041 संदिग्ध ईमेल डोमेन ब्लॉक किए गए हैं. वहीं, ओपनिंग ARP विंडो में टिकट बुक करने के लिए आधार वेरिफाइड यूजर की शर्त भी लागू है. इन तकनीकी सुधारों और सख्त कार्रवाई का असर अब टिकट बुकिंग सिस्टम की क्षमता और रफ्तार में दिखाई दे रहा है.
ये भी पढ़ें: BRICS Summit 2026: पीएम मोदी-पेजेश्कियान के बीच द्विपक्षीय बैठक, जानिए किन मुद्दों पर हुई बातचीत