Aaj Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है. दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में बारिश का दौर शुरू हो चुका है. वहीं, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर अब देश के अलग-अलग राज्यों में दिखाई दे रहा है. मौसम विभाग ने आज यानी 12 सितंबर को 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. उत्तर प्रदेश, दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और राजस्थान के कुछ हिस्सों में आज रुक-रुककर मध्यम बारिश होने की संभावना है.
दिल्ली-NCR में बारिश को लेकर अलर्ट
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में शुक्रवार को तेज हवाओं के साथ कई जगह बारिश देखने को मिली. मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR में आज भी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. बारिश का यह सिलसिला रविवार तक जारी रहने की संभावना जताई गई है. ऐसे में लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है.
राजस्थान के कई इलाकों में बरसेंगे बादल
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली का असर राजस्थान में भी देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, आज भरतपुर, जयपुर, उदयपुर, अजमेर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. 13 और 14 सितंबर को कोटा और उदयपुर संभाग समेत आसपास के इलाकों में कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग में 13 से 15 सितंबर के बीच हल्की बारिश का अनुमान है, जबकि जोधपुर संभाग में भी कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है.
यूपी और बिहार में भी बारिश का दौर
उत्तर प्रदेश में आज पूर्वी हिस्सों के बड़े इलाके में बारिश होने की संभावना है. पश्चिमी यूपी में भी 12 से 17 सितंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. वहीं, बिहार में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. राज्य के कई हिस्सों में पहले से बनी बाढ़ की स्थिति को देखते हुए लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है.
ओडिशा, बंगाल और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अनुमान
बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के चलते पूर्वी और मध्य भारत में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. ओडिशा के अधिकांश हिस्सों में आज हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है. पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में भी कई स्थानों पर बारिश हो सकती है, जबकि कुछ हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है. छत्तीसगढ़ में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.
समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब रहने की आशंका को देखते हुए उत्तर और मध्य बंगाल की खाड़ी के साथ बांग्लादेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों पर मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है.
इन राज्यों में भी बारिश का असर
आज उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी बारिश का असर देखने को मिल सकता है. वहीं, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, कर्नाटक और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए लोगों को अपने इलाके के मौसम अपडेट पर नजर रखने और भारी बारिश की स्थिति में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
ये भी पढ़ें- BRICS 2026: मोदी-जिनपिंग की मीटिंग से लेकर गाला डिनर तक... ब्रिक्स समिट में आज का पूरा शेड्यूल