Kal Ka Mausam 12 September: देश के कई हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर शुरू हो गया है, जबकि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर अलग-अलग इलाकों में देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने अगले दिन के लिए देशभर के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. वीकेंड के दौरान उत्तर प्रदेश, दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और राजस्थान के कुछ हिस्सों में रुक-रुककर मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है.
दिल्ली-NCR में भारी बारिश का अलर्ट
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में शुक्रवार को तेज हवाओं के साथ कई जगह भारी बारिश देखने को मिली. मौसम विभाग ने रात तक दिल्ली-NCR में बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही अगले दो दिनों तक यानी रविवार तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. ऐसे में लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
राजस्थान में कई इलाकों में बरसेंगे बादल
बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर राजस्थान के मौसम पर भी दिखाई देगा. मौसम विभाग के अनुसार, भरतपुर, जयपुर, उदयपुर, अजमेर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में अगले दिन हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 13 और 14 सितंबर को कोटा और उदयपुर संभाग समेत आसपास के इलाकों में कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है. पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग में 13 से 15 सितंबर के बीच हल्की बारिश हो सकती है, जबकि जोधपुर संभाग में भी कुछ जगहों पर बारिश का अनुमान है.
उत्तर प्रदेश और बिहार में भी बारिश का दौर
उत्तर प्रदेश के मौसम की बात करें तो अगले दिन पूर्वी यूपी के बड़े हिस्से में बारिश होने की संभावना है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 12 से 17 सितंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. वहीं बिहार में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने यहां भी कुछ इलाकों में बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. राज्य के कई हिस्सों में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए भी सतर्कता बरतने की जरूरत है.
ओडिशा, बंगाल और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना
बंगाल की खाड़ी में मौसम प्रणाली के सक्रिय होने से पूर्वी और मध्य भारत के कई इलाकों में बारिश बढ़ सकती है. ओडिशा के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है. गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल में भी कई स्थानों पर बारिश और कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है. समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब रहने की आशंका के चलते उत्तर और मध्य बंगाल की खाड़ी के साथ बांग्लादेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों पर मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.
इन राज्यों में भी बारिश का असर
अगले कुछ दिनों में उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश का असर देखने को मिल सकता है. वहीं दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, कर्नाटक और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के इस पूर्वानुमान को देखते हुए कई राज्यों में लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है.
ये भी पढ़ें: BRICS की आर्थिक ताकत बाकी दुनिया की तुलना में लगभग दोगुनी... बिजनेस फोरम में बोले PM मोदी