Mumbai News: मुंबई एयरपोर्ट से बड़ी सफलता मिली है. राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की मुंबई जोनल यूनिट ने 'ऑपरेशन गोल्डन स्वीप' के तहत एक सुनियोजित अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है. इस कार्रवाई में 10.488 किलोग्राम 24 कैरेट सोना जब्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब ₹12.58 करोड़ बताई जा रही है. इस मामले में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
बांग्लादेशी, श्रीलंकाई और एयरपोर्ट स्टाफ भी शामिल
इस गिरोह में दो बांग्लादेशी, छह श्रीलंकाई नागरिक, दो एयरपोर्ट के ‘मीट एंड ग्रीट’ सेवा से जुड़े कर्मचारी, दो हैंडलर और मुंबई के मास्टरमाइंड शामिल हैं. डीआरआई को सूचना मिली थी कि एयरपोर्ट स्टाफ की मिलीभगत से सोना तस्करी की जा रही है, जिसके बाद एजेंसी ने इस मामले की गहन जांच शुरू की और गिरफ्तारियां कीं.
अंडे के आकार के मोम कैप्सूल में छिपाकर लाते थे सोना
जांच में पता चला कि तस्कर सोने को अंडे के आकार के मोम कैप्सूल में छिपाकर शरीर के अंदर मुंबई एयरपोर्ट तक लाते थे. यह एक बेहद खतरनाक और सावधानी से तैयार किया गया तरीका था. ये कैरियर दुबई से होते हुए सिंगापुर, बैंकॉक और ढाका जैसे शहरों से ट्रांजिट कर मुंबई पहुंचते थे.
एयरपोर्ट स्टाफ की मिलीभगत से निकलता था सोना
मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचते ही ये कैरियर सोना अंतरराष्ट्रीय डिपार्चर क्षेत्र में मिलीभगत वाले एयरपोर्ट स्टाफ को सौंप देते थे. स्टाफ इसे गुप्त रूप से बाहर निकालकर हैंडलरों को देता था, जो मास्टरमाइंड तक सोना पहुंचाते थे. इस तरह एक व्यापक नेटवर्क के जरिए भारी मात्रा में सोना तस्करी की जा रही थी.
इस गिरोह का संचालन मुंबई और दुबई में बैठे मास्टरमाइंड कर रहे थे. वे ट्रांजिट यात्रियों, एयरपोर्ट स्टाफ और स्थानीय सहयोगियों की मदद से एक मजबूत नेटवर्क चला रहे थे. डीआरआई की इंटेलिजेंस विंग ने इस कड़ी कार्रवाई से न सिर्फ एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह को खत्म किया बल्कि एयरपोर्ट के भीतर मौजूद इनसाइडर खतरे को भी उजागर किया.
ये भी पढ़ें: एक फीट जमीन के लिए युवक को उतारा मौत के घाट; मां-बाप, भाई-बहन ने दिया खौफनाक वारदात को अंजाम