सरकारी नौकरी का शानदार मौका! ओडिशा में नर्सिंग ऑफिसर के बंपर पदों पर भर्ती, जानिए योग्यता और सैलरी

OSSSC Nursing Officer Recruitment 2026: अगर आप नर्सिंग के क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे हैं, तो आपके लिए बेहतरीन अवसर सामने आया है. ओडिशा सब-ऑर्डिनेट स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (OSSSC) ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के तहत नर्सिंग ऑफिसर के हजारों पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है.

Odisha Nursing Officer Recruitment OSSSC vacancy 2026
Image Source: Magnific

OSSSC Nursing Officer Recruitment 2026: अगर आप नर्सिंग के क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे हैं, तो आपके लिए बेहतरीन अवसर सामने आया है. ओडिशा सब-ऑर्डिनेट स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (OSSSC) ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के तहत नर्सिंग ऑफिसर के हजारों पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस भर्ती अभियान के जरिए राज्य के 30 जिलों में कुल 5,989 रिक्त पदों को भरा जाएगा. नर्सिंग की पढ़ाई पूरी कर चुके युवाओं के लिए यह स्थायी सरकारी सेवा में प्रवेश का बड़ा मौका माना जा रहा है.

आवेदन प्रक्रिया शुरू

OSSSC नर्सिंग ऑफिसर भर्ती 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 13 जून से शुरू हो चुकी है. इच्छुक उम्मीदवार 6 जुलाई 2026 तक अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं, जबकि आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है. आयोग ने अभी परीक्षा की तारीख घोषित नहीं की है. एडमिट कार्ड और परीक्षा कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी बाद में आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी, इसलिए अभ्यर्थियों को नियमित रूप से नोटिफिकेशन पर नजर बनाए रखनी चाहिए.

कौन कर सकता है आवेदन?

इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से इंटरमीडिएट या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है. साथ ही उसके पास जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (GNM) डिप्लोमा या बीएससी नर्सिंग की डिग्री होनी चाहिए. उम्मीदवार के पास ओडिशा नर्सिंग काउंसिल या भारतीय नर्सिंग परिषद से मान्यता प्राप्त किसी राज्य नर्सिंग काउंसिल का वैध रजिस्ट्रेशन भी होना जरूरी है. चूंकि यह जिला कैडर भर्ती है, इसलिए अभ्यर्थी को कम से कम सातवीं कक्षा या उससे ऊपर की परीक्षा उड़िया भाषा विषय के साथ पास करनी होगी.

आयु सीमा और वेतन का पूरा गणित

भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 38 वर्ष निर्धारित की गई है. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा. चयनित उम्मीदवारों को ओडिशा संशोधित वेतनमान 2017 के तहत पे-मैट्रिक्स लेवल-8 में नियुक्त किया जाएगा. इस पद पर शुरुआती बेसिक सैलरी 29,200 रुपये प्रति माह होगी, जो अनुभव और सेवा अवधि के साथ बढ़कर 92,300 रुपये तक पहुंच सकती है. इसके अलावा महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता और अन्य सरकारी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी.

लिखित परीक्षा के आधार पर होगा चयन

उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा. लिखित परीक्षा ऑफलाइन OMR मोड में आयोजित होगी, जिसमें 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे. परीक्षा की अवधि दो घंटे होगी. आयोग ने इस परीक्षा में निगेटिव मार्किंग का भी प्रावधान रखा है, जिसके तहत प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.25 अंक काटे जाएंगे. ऐसे में उम्मीदवारों को तैयारी के दौरान सटीकता पर विशेष ध्यान देना होगा.

आवेदन कैसे करें?

1. आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले OSSSC की आधिकारिक वेबसाइट osssc.gov.in पर जाएं.

2. इसके बाद भर्ती से संबंधित लिंक पर क्लिक करके रजिस्ट्रेशन पूरा करें.

3. लॉगिन करने के बाद आवेदन फॉर्म में अपनी सभी जरूरी जानकारी भरें और फोटो, साइन समेत जरूरी डॉक्यूमेंट अपलोड करें.

4. फॉर्म जमा करने से पहले सभी विवरणों को अच्छी तरह जांच लें और लास्ट सबमिशन के बाद उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें. 

ये भी पढ़ें: असिस्टेंट प्रोफेसर बनने का सुनहरा मौका, MPPSC ने 900 से ज्यादा पदों पर निकाली वैकेंसी