Barrier-Free Tolling: केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि देश के कई राष्ट्रीय राजमार्गों पर इस साल दिसंबर तक नई टोल व्यवस्था लागू कर दी जाएगी. इस नई व्यवस्था में गाड़ियों को टोल प्लाजा पर रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी और बिना किसी रुकावट के सीधे टोल कट जाएगा.
उन्होंने एक कार्यक्रम में बोलते हुए बताया कि देश में माल ढुलाई और परिवहन को सस्ता और आसान बनाने के लिए बेहतर सड़कों और नई तकनीक पर काम किया जा रहा है. उनका कहना है कि आने वाले समय में यह नई व्यवस्था लोगों के समय और ईंधन दोनों की बचत करेगी.
कैसे काम करेगी नई टोल व्यवस्था
नई व्यवस्था में ऐसी तकनीक का इस्तेमाल होगा, जिससे गाड़ियों की पहचान अपने आप हो जाएगी. इसमें कैमरे और इलेक्ट्रॉनिक टैग का सहारा लिया जाएगा. जैसे ही कोई वाहन टोल के पास से गुजरेगा, उसकी नंबर प्लेट और टैग के आधार पर टोल अपने आप कट जाएगा.
इससे गाड़ियों को लाइन में लगने या रुकने की जरूरत नहीं होगी. अगर कोई नियम का पालन नहीं करता है तो उसे ऑनलाइन सूचना भेजी जाएगी. तय समय में भुगतान न करने पर गाड़ी से जुड़ी सुविधाओं पर रोक लग सकती है और जुर्माना भी देना पड़ सकता है.
लॉजिस्टिक्स लागत कम करने पर जोर
नितिन गड़करी ने कहा कि अगर भारत को दुनिया में मजबूत अर्थव्यवस्था बनना है, तो परिवहन और माल ढुलाई की लागत कम करनी होगी. उन्होंने बताया कि नए एक्सप्रेसवे और बड़े सड़क मार्ग बनने से देश में यह खर्च पहले से कम हुआ है और आगे इसे और घटाने की कोशिश जारी है. उन्होंने दूसरे देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां यह खर्च कम है, इसलिए भारत को भी इस दिशा में तेजी से काम करना होगा.
तेल पर निर्भरता कम करने की जरूरत
मंत्री ने यह भी कहा कि भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा तेल के रूप में बाहर से मंगाता है, जिससे देश पर आर्थिक बोझ बढ़ता है और प्रदूषण भी होता है. इसलिए अब समय आ गया है कि वैकल्पिक ईंधन पर ज्यादा ध्यान दिया जाए. उन्होंने बताया कि जैव ईंधन और दूसरे साफ ईंधन का उत्पादन बढ़ाना जरूरी है, ताकि देश की आयात पर निर्भरता कम हो सके.
भविष्य का ईंधन और सरकार का लक्ष्य
नितिन गड़करी ने कहा कि आने वाले समय में हाइड्रोजन जैसे ईंधन का इस्तेमाल बढ़ेगा, लेकिन इसके खर्च को कम करना जरूरी है ताकि आम लोगों के लिए यह आसान हो सके.
उन्होंने यह भी कहा कि भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और देश को बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए बेहतर सड़कें, सस्ती ढुलाई और नए ईंधन के इस्तेमाल पर लगातार काम किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें- RR vs SRH: दिन के दूसरे मुकाबले में राजस्थान से भिड़ेगी हैदराबाद; जानिए पिच रिपोर्ट और प्लेइंग 11