व्हाट्सऐप पर दोस्ती और ट्रेडिंग का झांसा; ग्रेटर नोएडा के कारोबारी के साथ हो गया बड़ा कांड, गंवाए ₹1.24 करोड़

    नोएडा और ग्रेटर नोएडा में ऑनलाइन ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. ठग नए-नए बहाने बनाकर लोगों को फंसाने में माहिर हो गए हैं. ऐसा ही एक मामला ग्रेटर नोएडा के कारोबारी ब्रजपाल सिंह के साथ सामने आया. जनवरी 2025 में उन्हें व्हाट्सऐप पर अनजान नंबर से मैसेज आया, जिसमें खुद को ‘दिव्या शर्मा’ बताने वाली महिला ने संपर्क किया.

    Noida businessman falls victim to WhatsApp scam in Zillion Exports online trading fraud
    Image Source: Freepik

    नोएडा और ग्रेटर नोएडा में ऑनलाइन ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. ठग नए-नए बहाने बनाकर लोगों को फंसाने में माहिर हो गए हैं. ऐसा ही एक मामला ग्रेटर नोएडा के कारोबारी ब्रजपाल सिंह के साथ सामने आया. जनवरी 2025 में उन्हें व्हाट्सऐप पर अनजान नंबर से मैसेज आया, जिसमें खुद को ‘दिव्या शर्मा’ बताने वाली महिला ने संपर्क किया. महिला ने खुद को ‘Zillion Exports, मुंबई’ की ट्रेडिंग विशेषज्ञ बताया और शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट में मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया.

    फर्जी वेबसाइट ने फंसा दिया कारोबारी

    दिव्या शर्मा ने ब्रजपाल को ‘Golden Bridge Investment’ नामक वेबसाइट के बारे में बताया और कहा कि छोटी राशि से शुरुआत कर सकते हैं. शुरुआत में पीड़ित ने 28 जनवरी 2025 को 40 हजार रुपये जमा किए. महिला ने धीरे-धीरे विश्वास जीतकर 1.24 करोड़ रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवा लिए.

    फर्जी मुनाफा दिखाकर धोखा

    पुलिस के अनुसार, स्कैमर्स ने सिस्टम और ऐप के जरिए अप्रैल 2025 में पीड़ित के खाते में 2.24 करोड़ का फर्जी मुनाफा दिखाया. जब ब्रजपाल ने पैसे निकालने की कोशिश की, तो ठग ने 30% इनकम टैक्स और 15% एक्स्ट्रा करेंसी चार्ज का बहाना बनाकर उससे और रकम वसूल की. बावजूद इसके वास्तविक पैसा कभी नहीं मिला.

    कस्टमर केयर ने भी धोखा दिया

    पीड़ित ने कई बार कस्टमर सर्विस से संपर्क किया, लेकिन हमेशा यही जवाब मिला कि ‘कृपया इंतजार करें’. अंत में उन्हें पता चला कि ऐसी कोई कंपनी वास्तविक रूप में मौजूद ही नहीं है.

    साइबर सेल ने दर्ज किया मामला

    ‘Golden Bridge Investment’ पूरी तरह से फर्जी निकली और दिव्या शर्मा का नाम भी नकली था. सभी लेन-देन योजनाबद्ध तरीके से किए गए थे. पीड़ित ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, और ग्रेटर नोएडा साइबर सेल मामले की जांच में जुट गई है.

    ये भी पढ़ें: अब यूपी के इस जिले में भी दौड़ेगी मेट्रो, रास्ता हो गया साफ, लाखों लोगों को मिलेगी सहुलियत