नौशेरा सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, एक आतंकी ढेर; दूसरे की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी

Nowshera Sector Encounter: जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर भारतीय सेना ने घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया है. सेना ने नौशेरा सेक्टर के पास आतंकियों की संदिग्ध गतिविधि देखते ही तुरंत कार्रवाई की, जिसमें पाकिस्तान समर्थित एक आतंकी मारा गया, जबकि दूसरे की तलाश जारी है.

Infiltration attempt failed in Nowshera sector one terrorist killed Search operation continues
Image Source: ANI/ File

Nowshera Sector Encounter: जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर भारतीय सेना ने घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया है. सेना ने नौशेरा सेक्टर के पास आतंकियों की संदिग्ध गतिविधि देखते ही तुरंत कार्रवाई की, जिसमें पाकिस्तान समर्थित एक आतंकी मारा गया, जबकि दूसरे की तलाश जारी है.

सेना की व्हाइट नाइट कॉर्प्स के मुताबिक, मंगलवार 10 मार्च को दोपहर करीब 3 बजे झांगर इलाके में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास दो संदिग्ध आतंकियों की गतिविधि देखी गई. खुफिया एजेंसियों से पहले ही इनपुट मिलने के कारण सेना के जवान हाई अलर्ट पर थे. जैसे ही आतंकियों ने भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश की, वहां तैनात जवानों ने तेजी से घेराबंदी कर जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी.

मुठभेड़ में एक आतंकी ढेर

सेना की घेराबंदी देखकर आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद दोनों तरफ से कुछ देर तक मुठभेड़ चली. इस कार्रवाई में एक आतंकवादी मारा गया, जबकि दूसरा घने जंगलों और पहाड़ी इलाके का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गया. सेना के अनुसार इस ऑपरेशन के जरिए LoC पार कर भारतीय क्षेत्र में अशांति फैलाने की कोशिश को पूरी तरह नाकाम कर दिया गया है.

पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन

मारे गए आतंकी के पास से हथियार और गोला-बारूद मिलने की संभावना जताई जा रही है. वहीं फरार आतंकी को पकड़ने के लिए पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

सेना ने बताया कि झांगर और आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी है. इस अभियान में जमीनी बलों के साथ-साथ ड्रोन और हवाई निगरानी का भी इस्तेमाल किया जा रहा है. पूरे नौशेरा सेक्टर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है.

ये भी पढ़ें- शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती पहुंचे डॉ. अभिषेक वर्मा के घर, वर्मा परिवार और शिवसेना नेतृत्व को दिया आशीर्वाद