IndiGo CEO Resignation: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन IndiGo के सीईओ पीटर एल्बर्स ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया. यह फैसला ऐसे समय आया है जब कुछ महीने पहले एयरलाइन को अपने ऑपरेशंस में बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ा था. कंपनी की ओर से जारी बयान में बताया गया कि नए नेतृत्व की घोषणा होने तक एयरलाइन के मैनेजिंग डायरेक्टर राहुल भाटिया कंपनी के प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालेंगे.
उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही नए सीईओ का नाम घोषित किया जाएगा. InterGlobe Aviation के चेयरमैन विक्रम सिंह मेहता ने कहा कि राहुल भाटिया एयरलाइन के संचालन को स्थिर करने और कंपनी की कार्य संस्कृति को और मजबूत करने के लिए नेतृत्व की भूमिका निभाएंगे. उनका लक्ष्य ऑपरेशनल एक्सीलेंस को बेहतर बनाना और यात्रियों को भरोसेमंद तथा पेशेवर सेवा देना है. बता दें कि इंटरग्लोब एविएशन ही इंडिगो एयरलाइन का संचालन करती है.
दिसंबर में 4500 फ्लाइट्स करनी पड़ी थीं रद्द
दिसंबर की शुरुआत में एयरलाइन को बड़ा झटका लगा था, जब उसे करीब 4,500 उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं. इससे देश के तेजी से बढ़ते एविएशन बाजार में प्रतिस्पर्धा को लेकर भी चिंताएं बढ़ गई थीं.
दरअसल, सरकार के पायलट्स से जुड़े कड़े नियमों के कारण एयरलाइन समय पर रोस्टर में बदलाव नहीं कर पाई थी. इसके बाद कंपनी ने यात्रियों से माफी भी मांगी थी. गौरतलब है कि पिछले साल नई दिल्ली में आयोजित एक ग्लोबल एयरलाइन मीटिंग में पीएम नरेंद्र मोदी के साथ भी पीटर एल्बर्स ने मंच साझा किया था.
कंपनी में राहुल भाटिया की बड़ी हिस्सेदारी
राहुल भाटिया की कंपनी InterGlobe Enterprises, इंडिगो की पेरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन की सबसे बड़ी शेयरधारक है. दिसंबर तक कंपनी में उनकी करीब 35.69 प्रतिशत हिस्सेदारी थी.
शेयर बाजार में दिखी तेजी
इस्तीफे की खबर के बीच मंगलवार को कंपनी के शेयरों में तेजी देखने को मिली. Bombay Stock Exchange (BSE) के आंकड़ों के अनुसार इंटरग्लोब एविएशन के शेयर 3.46 प्रतिशत यानी लगभग 146.45 रुपये बढ़कर 4,382.45 रुपये पर बंद हुए. कारोबार के दौरान शेयर ने 4,475.25 रुपये का दिन का उच्च स्तर भी छुआ. वहीं बाजार खुलते समय इसका भाव 4,419.95 रुपये था, जबकि एक दिन पहले यह 4,236 रुपये पर बंद हुआ था.
ये भी पढ़ें- नौशेरा सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, एक आतंकी ढेर; दूसरे की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी