New Year Weather Update: नए साल 2026 की पहली सुबह दिल्लीवासियों के लिए कुछ अलग अनुभव लेकर आई. बीते दो दिनों की तुलना में आज राजधानी की सड़कों पर कोहरे की चादर थोड़ी हल्की नजर आई और हवा की रफ्तार भी सुस्त रही, जिससे ठंड का असर कुछ कम महसूस हुआ. हालांकि, मौसम में इस मामूली राहत के बावजूद हवा की गुणवत्ता में कोई खास सुधार नहीं हुआ. राजधानी के कई इलाकों में वायु प्रदूषण अब भी बेहद गंभीर स्थिति में दर्ज किया गया.
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक गुरुवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान लगभग 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह राहत अस्थायी है. आने वाले दिनों में ठंड एक बार फिर तेज हो सकती है. IMD ने दिल्ली-NCR के लिए 1 जनवरी से 3 जनवरी तक येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कई इलाकों में घना कोहरा छाने की आशंका है, जिससे दृश्यता काफी कम हो सकती है.
बारिश की संभावना, बढ़ेगी सर्दी
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 1 जनवरी को दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है. बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और ठंड का असर और तेज हो सकता है.मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों पर पड़ रहा है, जिस वजह से दिल्ली-NCR में शीतलहर का सिलसिला अभी कुछ दिनों तक जारी रह सकता है. पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.
प्रदूषण बना सबसे बड़ी चिंता, कई इलाकों में AQI 400 के पार
नए साल की शुरुआत के बावजूद दिल्ली की हवा सांस लेने लायक नहीं रही. कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 से ऊपर दर्ज किया गया, जो ‘डार्क रेड जोन’ यानी बेहद खतरनाक श्रेणी में आता है.सबसे खराब स्थिति सोनिया विहार और आनंद विहार की रही, जहां AQI 423 तक पहुंच गया. इसके अलावा वजीरपुर में 413, रोहिणी में 414, विवेक विहार में 404, मुंडका में 417, पंजाबी बाग में 400 और जहांगीरपुरी में 411 AQI दर्ज किया गया.
नए साल पर दिल्ली के प्रमुख इलाकों में AQI का हाल
राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में वायु गुणवत्ता इस प्रकार दर्ज की गई. पुसा क्षेत्र में AQI 374 रहा, आर.के. पुरम में 389, रोहिणी में 414,सोनिया विहार में 423,विवेक विहार में 404,वजीरपुर में 413,मंदिर मार्ग में 356,मुंडका में 417,पंजाबी बाग में 400,ओखला फेज-2 में 388,द्वारका सेक्टर-8 में 405,अलीपुर में 384 और आनंद विहार में AQI 423 रिकॉर्ड किया गया.
आगे कैसा रहेगा दिल्ली-NCR का मौसम?
IMD के मुताबिक आज दिल्ली-NCR में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ इलाकों में बहुत हल्की बारिश देखने को मिल सकती है. साथ ही शीतलहर और कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को सुबह और रात के समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है, खासकर वाहन चलाते समय.
यह भी पढ़ें: दिल्ली-NCR को मिला नए साल का गिफ्ट, PNG की कीमतों में हुई कटौती; जानें नया रेट