Iran Ukraine Conflict: ईरान और यूक्रेन के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है. ईरान ने रविवार को यूक्रेन को जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है. ईरान का आरोप है कि कैस्पियन सागर में उसके एक कमर्शियल जहाज पर हमला किया गया, जिसमें एक नाविक की मौत हो गई.
ईरान के विदेश मंत्री सईद अब्बास अराघची ने कहा कि इस घटना को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और इसका जवाब दिया जाएगा. उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की पर इजराइल के कहने पर काम करने का आरोप भी लगाया.
ईरान ने UN चार्टर के उल्लंघन का लगाया आरोप
ईरानी विदेश मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि यूक्रेन की ओर से ईरानी जहाज पर हमला किया गया, जिसमें एक नाविक की मौत हुई. उन्होंने इस कार्रवाई को संयुक्त राष्ट्र चार्टर का उल्लंघन बताया. अराघची ने कहा कि यूरोप को अपनी लड़ाई में शामिल करने के लिए यह कदम उठाया गया है.
उन्होंने यूरोपीय संघ के विदेश नीति प्रमुख काजा कैलास और रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि कीव की इस कार्रवाई को बिना जवाब दिए नहीं छोड़ा जाएगा.
Zelenskyy has attacked an Iranian commercial vessel, killing a sailor. A blatant UN Charter violation done at Israel's behest to drag Europe into its war.
— Seyed Abbas Araghchi (@araghchi) July 26, 2026
In calls with EU High Rep Kallas and FM Lavrov, made clear that what the freeloader in Kyiv did CANNOT GO UNANSWERED.
ईरान ने हमले को बताया आपराधिक कार्रवाई
ईरान के विदेश मंत्रालय ने भी इस घटना की निंदा की है. मंत्रालय का कहना है कि कैस्पियन सागर में हुए विस्फोट में एक नाविक की मौत हुई और एक अन्य घायल हुआ. ईरान ने इसे दुश्मनी भरा और आपराधिक हमला बताया है.
साथ ही यूक्रेन के प्रतिनिधि को बुलाकर इस मामले पर विरोध दर्ज कराया गया है. तेहरान ने आरोप लगाया कि यूक्रेन इस संघर्ष को अपने क्षेत्र से बाहर बढ़ाने की कोशिश कर रहा है.
रूस-ईरान संबंधों के बीच बढ़ा तनाव
ईरान और रूस के बीच सैन्य संबंधों को लेकर पहले से ही चर्चा होती रही है. रूस ने यूक्रेन युद्ध के दौरान ईरान के ड्रोन का इस्तेमाल किया है. वहीं, यूक्रेन ने भी उन देशों को ड्रोन रोकने की तकनीक उपलब्ध कराई है, जिन्होंने ईरानी हथियारों से हमलों का सामना किया है. इसी बीच जेलेंस्की ने आरोप लगाया है कि रूस ईरान को मिडिल ईस्ट में हमलों की योजना बनाने के लिए सैटेलाइट जानकारी दे रहा है.
कैस्पियन सागर में खुला नया मोर्चा
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने दावा किया है कि उनकी सेना ने कैस्पियन सागर में रूसी सैन्य जहाज और ईरान से जुड़े सैन्य सामान ले जाने वाले जहाजों को निशाना बनाया था. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रूस ने मिडिल ईस्ट के कुछ देशों में सैन्य गतिविधियों के लिए सैटेलाइट निगरानी की मदद ली और ईरान ने इसका इस्तेमाल हमलों की तैयारी में किया. ईरान और यूक्रेन के बीच बढ़ता यह विवाद रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच एक नए तनाव को जन्म दे रहा है. आने वाले दिनों में दोनों देशों के बीच कूटनीतिक टकराव और बढ़ सकता है.
ये भी पढ़ें- CWG 2026 में मीराबाई चानू का जलवा, भारत को दिलाया पहला गोल्ड; कॉमनवेल्थ में लगाई गोल्ड की हैट्रिक