Mirabai Chanu CWG 2026: भारत की स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीत लिया है. उन्होंने महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया और इसके साथ ही कॉमनवेल्थ गेम्स में लगातार तीसरी बार गोल्ड जीतने का रिकॉर्ड बना दिया. मीराबाई चानू ने इससे पहले 2018 और 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में भी गोल्ड मेडल जीता था. अब 2026 में जीत के साथ उन्होंने गोल्ड मेडल की हैट्रिक पूरी कर ली है.
स्नैच राउंड में बनाया नया रिकॉर्ड
मीराबाई चानू ने प्रतियोगिता की शुरुआत से ही अपना दबदबा दिखाया. उन्होंने स्नैच राउंड में अपनी दूसरी कोशिश में 82 किलोग्राम वजन उठाया और इसके बाद तीसरी कोशिश में 85 किलोग्राम वजन उठाकर नया रिकॉर्ड बना दिया. इस शानदार प्रदर्शन के बाद वह गोल्ड मेडल की रेस में सबसे आगे निकल गईं.
A hat-trick of GOLD medals! 🥇🥇🥇
— Dr Mansukh Mandaviya (@mansukhmandviya) July 26, 2026
Congratulations to @mirabai_chanu on clinching the Gold medal at the Glasgow Commonwealth Games.
Your unwavering dedication, remarkable consistency, and extraordinary strength continue to make India proud on the global stage. 🇮🇳#Cheer4Bharat pic.twitter.com/CU6j7ltXlU
क्लीन एंड जर्क में भी दिखाया दम
क्लीन एंड जर्क राउंड में मीराबाई ने 105 किलोग्राम वजन उठाने का फैसला किया. पहली कोशिश में उन्हें सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. दूसरी कोशिश में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए 105 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठा लिया और भारत की झोली में गोल्ड मेडल डाल दिया.
मीराबाई चानू का खास रिकॉर्ड
मीराबाई चानू ने कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया है. उन्होंने पहले 82 किलोग्राम वजन उठाकर रिकॉर्ड बनाया और फिर अगले ही प्रयास में 85 किलोग्राम वजन उठाकर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया. उनका यह प्रदर्शन कॉमनवेल्थ गेम्स में अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन माना जा रहा है.
ऋषिकांत सिंह ने जीता सिल्वर मेडल
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के चौथे दिन भारत के लिए वेटलिफ्टिंग में एक और बड़ी सफलता मिली. पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग में ऋषिकांत सिंह ने सिल्वर मेडल जीता. उन्होंने कुल 264 किलोग्राम वजन उठाया, जिसमें स्नैच में 121 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 143 किलोग्राम शामिल था. यह उनका पहला कॉमनवेल्थ गेम्स था और उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया.
दूसरे खेलों में भारत का प्रदर्शन
लॉन बॉल्स में भारत की रूपा रानी तिर्की और पिंकी सिंह की जोड़ी को महिला पेयर्स मुकाबले में नामीबिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा. वहीं, तैराकी में भारत के लिए अच्छी खबर आई. श्रीहरि नटराज, आर्यन नेहरा, अनीश गौड़ा और दक्षन शशिकुमार की टीम ने पुरुषों की 4x200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली.
ये भी पढ़ें- पेपर लीक पर सख्ती के बाद बड़ा कदम, परीक्षा सुधार के लिए PM मोदी ने बनाई हाई पावर्ड कमेटी