Aadhaar App: भारत में डिजिटल पहचान को और ज्यादा सुरक्षित और आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. आधार सेवाओं का संचालन करने वाली संस्था UIDAI अब पुराने mAadhaar ऐप को बंद करने की तैयारी में है. इसकी जगह एक नया Aadhaar App लॉन्च किया गया है, जिसे पहले से ज्यादा स्मार्ट, तेज और सिक्योर बताया जा रहा है. नए ऐप में ऐसे कई फीचर्स जोड़े गए हैं जो न सिर्फ यूजर्स की सुविधा बढ़ाएंगे, बल्कि उनकी निजी जानकारी को भी पहले से बेहतर सुरक्षा देंगे.
UIDAI ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह नया प्लेटफॉर्म लोगों को आधुनिक डिजिटल एक्सपीरियंस देने के लिए तैयार किया गया है. खास बात यह है कि नया ऐप Android और iPhone दोनों यूजर्स के लिए उपलब्ध कर दिया गया है.
QR Code फीचर से आसान होगा आधार वेरिफिकेशन
नए Aadhaar App का सबसे बड़ा आकर्षण इसका QR Code आधारित शेयरिंग सिस्टम है. अब यूजर बिना पूरा आधार नंबर बताए भी अपनी पहचान सत्यापित कर सकेंगे. यानी किसी होटल, ऑफिस या दूसरी जगहों पर आधार दिखाने के दौरान जरूरी जानकारी ही साझा करनी होगी.
यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद माना जा रहा है जो अपनी निजी जानकारी को लेकर ज्यादा सतर्क रहते हैं. QR स्कैनिंग के जरिए पहचान प्रक्रिया तेज और ज्यादा सुरक्षित बनाई गई है.
Selective Share फीचर देगा प्राइवेसी पर पूरा कंट्रोल
नए ऐप में “Selective Share” नाम का फीचर जोड़ा गया है, जो यूजर्स को अपनी जानकारी पर ज्यादा नियंत्रण देता है. अब वेरिफिकेशन के दौरान यह तय किया जा सकेगा कि कौन-सी जानकारी सामने वाले व्यक्ति या संस्था के साथ शेयर करनी है और कौन-सी नहीं. इस बदलाव को डिजिटल प्राइवेसी के लिहाज से बड़ा कदम माना जा रहा है. इससे यूजर्स की संवेदनशील जानकारी अनावश्यक रूप से साझा होने से बच सकेगी.
इंटरनेट के बिना भी होगा पहचान सत्यापन
UIDAI ने नए Aadhaar App में ऑफलाइन QR वेरिफिकेशन का सपोर्ट भी जोड़ा है. इसका मतलब है कि इंटरनेट उपलब्ध न होने की स्थिति में भी अधिकृत डिवाइस पर QR कोड स्कैन करके पहचान सत्यापित की जा सकेगी.
यह सुविधा खासतौर पर ग्रामीण और नेटवर्क समस्या वाले इलाकों में काफी उपयोगी साबित हो सकती है. इसके अलावा ऐप 13 भारतीय भाषाओं को सपोर्ट करता है, जिससे अलग-अलग राज्यों के लोगों के लिए इसका इस्तेमाल आसान हो जाएगा.
बायोमेट्रिक लॉक फीचर से बढ़ेगी सुरक्षा
डिजिटल फ्रॉड और डेटा चोरी की घटनाओं को देखते हुए नए ऐप में बायोमेट्रिक लॉक फीचर भी दिया गया है. अब यूजर सीधे ऐप से अपने फिंगरप्रिंट, फेस और आइरिस ऑथेंटिकेशन को लॉक कर सकेंगे. अगर किसी को लगे कि उनके आधार डेटा का गलत इस्तेमाल हो सकता है, तो वे तुरंत बायोमेट्रिक एक्सेस बंद कर सकते हैं. जरूरत पड़ने पर यही लॉक बाद में ऐप के जरिए दोबारा हटाया भी जा सकेगा.
एक ही ऐप में पूरे परिवार की प्रोफाइल होगी मैनेज
नए Aadhaar App में फैमिली प्रोफाइल फीचर भी जोड़ा गया है. इसके जरिए एक अकाउंट में अधिकतम पांच परिवार के सदस्यों की प्रोफाइल लिंक की जा सकती है. इससे परिवार के कई आधार प्रोफाइल को एक ही जगह से मैनेज करना आसान हो जाएगा. हालांकि UIDAI ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर लिंक मोबाइल नंबर या डिवाइस का एक्सेस खो जाता है, तो कुछ समय के लिए आधार सेवाओं तक पहुंच प्रभावित हो सकती है.
ऐसे करें नए Aadhaar App का सेटअप
नया Aadhaar App इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले Google Play Store या Apple App Store से ऐप डाउनलोड करना होगा. इसके बाद ऐप खोलकर अपनी पसंदीदा भाषा चुननी होगी.
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के दौरान आधार से लिंक मोबाइल नंबर या किसी दूसरे नंबर की मदद से लॉगिन किया जा सकेगा. फिर 12 अंकों का आधार नंबर दर्ज कर OTP वेरिफिकेशन पूरा करना होगा. इसके बाद फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी और आखिर में 6 अंकों का पासवर्ड बनाकर ऐप सेटअप किया जा सकेगा.
पुराने mAadhaar यूजर्स के लिए क्या है जरूरी?
UIDAI ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि पुराने mAadhaar ऐप का डेटा अपने-आप नए प्लेटफॉर्म पर ट्रांसफर होगा या नहीं. ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि मौजूदा यूजर्स को अपनी प्रोफाइल नए ऐप में दोबारा मैन्युअली सेट करनी पड़ सकती है.
ये भी पढ़ें: Google का नया AI डिटेक्शन फीचर लॉन्च, अब फर्जी फोटो और वीडियो की होगी तुरंत पहचान; जानें पूरी डिटेल