Israel Independence Day: फ्लाईदुबई की फ्लाइट में हुई खौफनाक घटना के बाद बहादुरी और सूझबूझ से सैकड़ों लोगों की जान बचाने वाले कैप्टन स्मित मछार की दुनियाभर में तारीफ हो रही है. अब इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कैप्टन मछार से फोन पर बात कर उनके साहस की सराहना की. बातचीत के दौरान नेतन्याहू ने कहा कि बेहद मुश्किल हालात में भी पायलट ने जिस तरह धैर्य बनाए रखा और सही फैसले लिए, वह काबिले-तारीफ है. उन्होंने कैप्टन मछार को भारत, इजराइल ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया का हीरो बताया.
नेतन्याहू ने दिया खास न्योता
बेंजामिन नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित मछार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इजराइल के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मशाल जलाने के लिए आमंत्रित किया. उन्होंने कहा कि यह सम्मान आमतौर पर इजराइल के नागरिकों को दिया जाता है, लेकिन कैप्टन मछार के मामले में देश के लोग उन्हें अपना मानेंगे. नेतन्याहू ने उम्मीद जताई कि वह जल्द ही इजराइल में कैप्टन मछार से मुलाकात करेंगे.
नेतन्याहू ने बातचीत के दौरान कहा कि यह उनके स्वतंत्रता दिवस पर दिया जाने वाला सबसे बड़ा सम्मान होगा. उन्होंने कैप्टन मछार के साहस की प्रशंसा करते हुए कहा कि पूरी दुनिया उनके प्रयासों की सराहना कर रही है.
कैप्टन मछार ने सुनाई कॉकपिट की पूरी कहानी
फोन पर बातचीत के दौरान कैप्टन मछार ने नेतन्याहू को उस खौफनाक घटना के बारे में बताया, जिसने फ्लाइट में मौजूद यात्रियों की जान खतरे में डाल दी थी. उन्होंने बताया कि घटना से कुछ समय पहले उनके को-पायलट ने प्रार्थना करने की इच्छा जताई थी. मछार ने उसकी बात का सम्मान करते हुए अपनी नजर सामने की ओर कर ली थी.
कैप्टन मछार के मुताबिक, करीब चार-पांच मिनट बाद उन्हें सिर के पिछले हिस्से में अचानक जोरदार चोट महसूस हुई. इसके बाद लगातार उन पर हमले किए गए. शुरुआत में उन्हें लगा कि विमान में कोई गंभीर तकनीकी समस्या आ गई है, लेकिन जल्द ही उन्हें समझ में आ गया कि हमला विमान की खराबी के कारण नहीं, बल्कि कॉकपिट में मौजूद को-पायलट कर रहा था.
क्रैश-एक्स से किया गया हमला
इजराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी जानकारी के मुताबिक, फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में कैप्टन मछार पर उनके को-पायलट ने कॉकपिट में रखी क्रैश-एक्स से हमला किया था. इस हमले में पायलट गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इसके बावजूद उन्होंने विमान को संभालने की कोशिश जारी रखी.
इस फ्लाइट में 174 यात्री सवार थे. घटना के बाद विमान ने आपातकालीन संकेत भेजा और करीब 34,000 फीट की ऊंचाई से तेजी से नीचे उतरते हुए 17,000 फीट से भी कम ऊंचाई तक पहुंच गया. गंभीर स्थिति के बीच विमान को सुरक्षित रूप से सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी.
'आप पूरी दुनिया के हीरो हैं'- नेतन्याहू
नेतन्याहू ने कैप्टन मछार से कहा कि वह असंभव जैसी परिस्थितियों में उनके धैर्य और सही फैसला लेने की क्षमता से बेहद प्रभावित हैं. उन्होंने कहा कि मछार ने कई लोगों की जान बचाई और इस घटना के दौरान जिस तरह स्थिति को संभाला, वह असाधारण है. इजराइली प्रधानमंत्री ने कहा कि कैप्टन मछार इजराइल के हीरो हैं, भारत के हीरो हैं और पूरी दुनिया के हीरो हैं. उन्होंने यह भी कहा कि यह घटना किस्मत और आस्था के एक अनोखे मोड़ जैसी है और मछार ने जिस तरह अपनी जिम्मेदारी निभाई, वह वास्तव में प्रशंसा के योग्य है.
सऊदी अरब में हुई इमरजेंसी लैंडिंग
हमले के बाद फ्लाइट को सऊदी अरब में आपात स्थिति में उतारना पड़ा. रिपोर्ट के मुताबिक, विमान के तेजी से नीचे उतरने के दौरान उसके रडर का एक हिस्सा भी टूटकर अलग हो गया था. मामले से परिचित लोगों के हवाले से ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ ने दावा किया है कि कैप्टन मछार पर हमला करने वाले को-पायलट की पहचान ओमान के नागरिक हमम अल-हम्मामी के रूप में हुई है.
घटना के बाद कैप्टन मछार को पहले तबूक में शुरुआती इलाज दिया गया और इसके बाद उन्हें आगे के उपचार के लिए अबू धाबी भेजा गया. फिलहाल वह अस्पताल में इलाज करा रहे हैं. इस पूरी घटना के बाद कैप्टन मछार की बहादुरी की भारत के साथ-साथ इजराइल और दुनिया के कई हिस्सों में चर्चा हो रही है.
ये भी पढ़ें- न्यूज चैनल में विवाद, फिर सस्पेंशन... अब ट्रंप के व्हाइट हाउस में बड़ी जिम्मेदारी, कौन हैं बेनी रे हारमनी?