वॉशिंगटन/तेहरान: एक चौंकाने वाले खुलासे में यह जानकारी सामने आई है कि अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान के परमाणु ठिकानों को निशाना बनाने के लिए एक हाई-लेवल मिलिट्री ऑपरेशन की योजना बनाई थी. इस ऑपरेशन का उद्देश्य ईरान के गुप्त परमाणु कार्यक्रम को खत्म करना था, जिसे वाशिंगटन और तेल अवीव वैश्विक सुरक्षा के लिए खतरा मानते रहे हैं.
ब्रिटिश टैब्लॉइड द सन की रिपोर्ट के मुताबिक, यह ऑपरेशन उस समय डिजाइन किया गया था जब ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु समझौते (JCPOA) को लेकर बातचीत ठप पड़ी थी. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस योजना में इजरायली जमीनी कमांडो कार्रवाई और अमेरिकी हवाई हमलों का एक समन्वित मिशन शामिल था. ऑपरेशन के तहत अमेरिका ने पश्चिम एशिया में अपनी सैन्य मौजूदगी को तेजी से मजबूत किया था.
दो विमानवाहक पोत तैनात किए गए
पैट्रियट मिसाइल सिस्टम और THAAD डिफेंस सिस्टम क्षेत्र में भेजे गए, आधा दर्जन B-2 स्टील्थ बॉम्बर्स को डिएगो गार्सिया द्वीप पर स्टैंडबाय मोड पर रखा गया, जो 30,000 पाउंड वजनी बम ले जाने में सक्षम हैं. इन बमों का उपयोग ईरान के भूमिगत परमाणु फैसिलिटीज को ध्वस्त करने के लिए होना था.
ईरान को था हमले का अंदेशा, मिसाइलें की गईं तैनात
रिपोर्ट के अनुसार, ईरान को भी इस संभावित हमले की भनक लग चुकी थी. जवाबी कार्रवाई के लिए तेहरान ने अपनी मिसाइलों को अमेरिका के पश्चिम एशिया में स्थित ठिकानों पर हमले के लिए तैयार कर रखा था. इस स्थिति ने पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति को और बढ़ा दिया.
बातचीत की बहाली के चलते टली सैन्य कार्रवाई
हालांकि, फिलहाल यह सैन्य योजना स्थगित कर दी गई है, क्योंकि अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु समझौते को लेकर फिर से बातचीत शुरू हो चुकी है. वाशिंगटन का कहना है कि ईरान सैन्य-स्तर का यूरेनियम तैयार कर रहा है, जिससे परमाणु हथियार बनाए जा सकते हैं. वहीं, ईरान का जोर है कि उसका परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण और तकनीकी विकास के लिए है.
ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ती रणनीतिक खाई
इजरायल और अमेरिका लंबे समय से ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर सख्त रवैया अपनाते रहे हैं. इससे पहले भी इजरायल ईरानी वैज्ञानिकों की टारगेट किलिंग और साइबर अटैक्स जैसे अभियानों में शामिल रहा है, लेकिन अब जिस तरह से खुलकर एक संयुक्त सैन्य ऑपरेशन की योजना सामने आई है, वह क्षेत्रीय स्थिरता के लिए गंभीर खतरे का संकेत देती है.
ये भी पढ़ेंः दिल्लीः सीलमपुर में 17 वर्षीय नाबालिग की चाकू मारकर हत्या, इलाके में तनाव; अर्धसैनिक बल तैनात